
सदर बंद का मिलाजुला असर
शिवाजी ग्राउंड का शुल्क वसूले जाने का विरोध
जबलपुर (जयलोक)। केंट बोर्ड द्वारा शिवाजी ग्राउंड में धार्मिक आयोजनों के लिए शुल्क निर्धारण करने के विरोध में रामलीला समिति व अन्य धार्मिक संगठनों ने आज सदर बंद का आव्हन करते हुए केंट बोर्ड कार्यालय के सामने धरना दिया। आज सदर बंद को लेकर सुबह से ही संगठन सक्रिय रहे। हालांकि यहां बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। पुलिस कर्मियों ने आंदोलनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेटिंग कर रखी थी। लेकिन आंदोलनकारियों ने बैरिकेट तोड़ते हुए केंट बोर्ड कार्यालय के सामने पहुँचकर धरने पर बैठ गए। जहां केंट बोर्ड कार्यालय के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। वहीं आंदोलनकारियों का यह भी कहना है कि अगर शाम पाँच बजे तक केंट बोर्ड ने शिवाजी मैदान में वसूले जाने वाले किराये के आदेश को वापस नहीं लिया तो शाम पाँच बजे सीईओ बंगले में जाकर थाली बजाकर प्रदर्शन किया जाएगा।
आंदोलनकारियों का कहना है कि वर्षों से इस मैदान में धार्मिक आयोजन होते आये हैं। धनुषयज्ञ रामलीला समिति से शिवाजी मैदान में रामलीला मंचन पर आज तक शुल्क नहीं लिया गया तो अब क्यों शुल्क लगाया जा रहा है।

आयोजन पर भारी भरकम शुल्क लगाकर हिन्दू समाज और रामभक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई हैं। इस तुगलकी आदेश के विरोध में सुबह 10 बजे आंदोलनकारी सदर रामलीला मैदान में एकत्रित हुए जहां स्व. गंगा प्रसाद तिवारी वाजपेई अखाड़ा के नेतृत्व में केंट बोर्ड कार्यालय पहुँचे। विभिन्न संगठनों की मांग है कि आगामी दिनों में आयोजित होनेवाले दंगल एवं रामलीला आयोजन पर लगाया गया टैक्स वापस लिया जाए एवं शिवाजी मैदान निशुल्क किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रामभक्तों की सरकार में राम का नाम लेने पर भी अब टैक्स लगाया जा रहा है।

पुलिस बल तैनात

आंदोलनकारियों को रोकने के लिए यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं पुलिस और सेना के अधिकारी भी यहां की पल पल की खबर ले रहे हैं।
कहीं खुला तो कहीं बंद
सदर बंद के आव्हान के दौरान सदर में कुछ दुकान संचालकों ने बंद का समर्थन करते हुए अपनी अपनी दुकानें बंद रखीं। तो वहीं कुछ दुकानें रोज की तरह खुली रहीं। इस दौरान पुलिस प्रशासन भी इस ओर ध्यान दे रहा है कि प्रदर्शनकारी जबरन दुकानों को बंद ना कराएं। बंद के दौरान जिन दुकान संचालकों ने बंद को समर्थन दिया उन्होंने दोपहर एक बजे के बाद अपने अपने प्रतिष्ठान खोलने शुरू कर दिए।
ये रहे उपस्थित
बंद के समर्थन में अधिवक्ता प्रणव अवस्थी, धनुष यज्ञ रामलीला समिति एवं स्व. गंगा प्रसाद तिवारी बाजपेई, अखाड़े के साथ, विश्व हिंदू परिषद, अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल, सदर बाजार की सभी धार्मिक सामाजिक एवं गणेश उत्सव दुर्गा उत्सव समितियों के कार्यकर्ता आदि मौजूद थे।
Author: Jai Lok







