
जबलपुर (जयलोक) ।कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने इस बार कांग्रेस को मजबूत करने की शुरुआत मध्यप्रदेश से की है। राहुल गांधी की पहल पर पहली बार युवक कांग्रेस के चुनाव डिजिटल ऑनलाइन एप से हो रहे हैं। एप से चुनाव के लिए मतदान तो हो चुका है। इस मतदान में 16 लाख युवकों ने मतदान करके एक बड़ा रिकार्ड बनाया है। अब मतों की गिनती शुरू हुई है। मतों की गिनती में दो माह का समय लगने का अनुमान है। आगामी सितम्बर माह के अंत तक युवक कांगे्रस के संगठन के सभी पदों के चुनाव परिणाम घोषित होंगे।
यह पहला मौका है जब डिजिटल ऐप से होने वाले चुनाव में लोग सदस्यता लेते जा रहे थे और वह तत्काल मतदान भी कर रहे थे। ऑनलाइन ऐप के माध्यम से युवा कांग्रेस के चुनाव की प्रक्रिया 20 जून से शुरू हो चुकी थी यह चुनाव प्रक्रिया 19 जुलाई तक चली। इस चुनाव में ऐप के माध्यम से प्रदेश के युवा कांग्रेसी सदस्यता ले रहे हैं और सदस्यता अभियान मतदान होने के बावजूद भी जारी है। चुनाव के लिए जो फार्मूला तय किया गया है उसके मुताबिक सदस्य बनने वाले युवा को सबसे पहले ऑनलाइन 50 रुपए सदस्यता शुल्क जमा करना होते हैं और जब सदस्यता शुल्क जमा हो जाता है तो वह युवक सदस्य बन जाता है और सदस्य बनते ही वह युवक कांग्रेस के चुनाव के लिए मतदान करने का पात्र बन गया।

6 पदों के लिए मतदान
युवा कांग्रेस के इस बार ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष सभी का चुनाव ऑनलाइन ऐप के माध्यम से हुआ है। सदस्य बनते ही युवा कांग्रेस के 6 पदों के लिए मतदान शुरू हो जाता था। जिन 6 पदों के लिए मतदान हुआ है उनमें युवक कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष शहर या जिला कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव तथा प्रदेश अध्यक्ष ऐसे छह पदों के लिए मतदान हुआ है। यह पहला मौका है जबकि ब्लॉक के अध्यक्ष का चुनाव भी ऑनलाइन हो रहा है और मनोनयन की परिपाटी से युवा कांग्रेस मुक्त होने जा रही है।

जबलपुर शहर के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार
जबलपुर शहर के युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए जो उम्मीदवार मैदान में है उनमें अमित सोनकर, शुभांशु कनौजिया, शिल्पा चौधरी, संजय अहिरवार, राजीव सोनकर, दुर्गेश शनी डागौर, प्रकाश परमार और अरुण ओहरी आदि चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं जबलपुर ग्रामीण युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के लिए शुभम श्रीवास्तव, सौरभ सिंह गौतम, अमित सोनकर, सोहेल अख्तर और शुभम बोहित मैदान में हैं।

तीन वर्ष की अवधि के लिए चुनाव
युवक कांग्रेस के जो चुनाव हो रहे हैं वह तीन वर्ष की अवधि के लिए होंगे। वर्ष 2028 के अंत में मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनाव होंगे ऐसे में यह माना जा रहा है कि युवक कांगे्रस की अभी चुनी गई टीम ही चुनाव तक कायम रहेगी। इसी कारण चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्सी बनाया गया है जिससे युवक कांग्रेस का वहीं पदाधिकारी चुना जाए जिसकी अच्छी पकड़ है। मापदंड पूरा करने वाले सदस्यों की गिनती की जाएगी इनमें सर्वाधिक मत पाने वाले प्रथम तीन उम्मीदवारों का दिल्ली में साक्षात्कार होगा।
अध्यक्ष पद के लिए 18 और महासचिव के लिए 178 उम्मीदवार
मध्य प्रदेश में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के लिए ऑनलाइन एप हुए चुनाव यह पहला मौका है कि चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष के लिए 18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। इन 18 उम्मीदवारों में जबलपुर के यश घनघोरिया के साथ ही अभिषेक परमार योगिता सिंह, जावेद पटेल, नीरज पटेल, गीता कड़वे, प्रमोद सिंह, विश्वजीत सिंह चौहान, विनय पांडे, राजवीर कुडिय़ा प्रियेश चौकड़े, अब्दुल करीम सिद्दीकी, शुभंगना राजे जामनिया, आशीष चौबे, देवेंद्र सिंह दादू, स्वीटी पाटिल, शिवराज यादव मोनिका मांडरे अध्यक्ष पद के चुनाव की दौड़ में शामिल हैं। वही युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पद के लिए 178 उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए मुख्य मुकाबला यश घनघोरिया और अभिषेक परमार के बीच हो रहा है।
Author: Jai Lok







