
भगवान भोलेनाथ के साथ गजनान का भी होगा पूजन
जबलपुर (जयलोक)। श्रावण मास का प्रत्येक सोमवार भक्तों के लिए अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है, लेकिन इस बार 28 जुलाई को आने वाला तीसरा सोमवार कई विशेषताओं के साथ आ रहा है। इस दिन न केवल भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है, बल्कि विनायक चतुर्थी का पावन व्रत भी इसी दिन पड़ रहा है। यह संयोग शिव भक्तों और गणेश उपासकों के लिए एक अद्वितीय अवसर लेकर आ रहा है। श्रावण मास में सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित होता है, जबकि चतुर्थी तिथि भगवान गणेश की पूजा के लिए अत्यंत पवित्र मानी जाती है। इस बार दोनों का समागम एक ही दिन होने से यह सोमवार और अधिक शुभ फल देने वाला रहेगा। भक्तजन इस दिन भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश, कार्तिकेय और नंदी की सामूहिक पूजा करके शिव परिवार का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

शिव मंदिरों में रहेगी भीड़
शहर के शिव मंदिरों के साथ साथ गणेश मंदिरों में भी कल श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जाएगी। कल जगह जगह कांवड़ यात्रा निकाली जाएंगी साथ ही धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कचनार सिटी सहित अन्य शिव मंदिरों में सुबह से लेकर शाम तक भीड़ रहेगी। वहीं गणेश मंदिरों में भी भगवान गणेश की पूजा करने के लिए धार्मिक आयोजन होंगे।

Author: Jai Lok







