
भोपाल (जयलोक)। राजस्व अधिकारियों के न्यायिक और गैर न्यायिक विभाजन का बुधवार से फिर विरोध होगा। तहसीलदार और नायब तहसीलदार आपदा प्रबंधन को छोड़ अन्य कोई काम नहीं करेंगे। हालांकि, वे अभी सामूहिक हड़ताल नहीं करेंगे और न ही मुख्यालय छोड़ेंगे। भोपाल में भी इसका विरोध होगा, जिससे आमजनों के कामकाज पर असर पड़ सकता है।

वर्तमान में सभी तहसील- बैरागढ़, कोलार, एमपी नगर, शहर वृत्त, बैरसिया और टीटी नगर में तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को न्यायिक और गैर न्यायिक कार्य में विभाजित किया गया है। यानी, जो अधिकारी न्यायिक कार्य कर रहे हैं, वे फिल्ड में नहीं है। वहीं, फिल्ड वाले अधिकारी न्यायिक कार्य नहीं कर रहे।

मंत्री-अफसरों को सुना चुके बात- इस संबंध में मध्यप्रदेश राजस्व अधिकारी (कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा) संघ राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और सीनियर अधिकारियों के सामने अपनी बात रख चुका है। इस दौरान बताया गया था कि अगले 3 महीने के लिए 12 जिलों में ही पायलेट प्रोजेक्ट के तहत यह व्यवस्था लागू की जाएगी, लेकिन बाद में 9 और जिलों में यह व्यवस्था लागू कर दी गई।
इसके चलते संघ के सभी जिला अध्यक्ष, प्रभारी और प्रतिनिधियों की बैठक हुई। जिसमें 6 अगस्त से विरोध करने का निर्णय लिया गया।

Author: Jai Lok







