Download Our App

Home » अपराध » सदन से प्रस्ताव पारित होने के बाद बनी थी, विजयनगर की चौपाटी अवैध नहीं, महापौर स्वाति गोडबोले विधायक शरद जैन की मौजूदगी में मना था चौपाटी के उद्घाटन का जश्न

सदन से प्रस्ताव पारित होने के बाद बनी थी,  विजयनगर की चौपाटी अवैध नहीं, महापौर स्वाति गोडबोले विधायक शरद जैन की मौजूदगी में मना था चौपाटी के उद्घाटन का जश्न

जबलपुर (जयलोक)। विजय नगर में वर्षों से संचालित चौपाटी को कल अचानक नगर निगम के हमले में तोडऩे की कार्यवाही प्रारंभ कर दी इस कार्यवाही को लेकर खबर मिलते ही पूर्व विधायक विनय सक्सेना मौके पर पहुंचे और उन्होंने कार्यवाही को रुकवाया पूर्व विधायक का यह कहना है कि विजयनगर में जो चौपाटी बनी है वह वैधानिक रूप से बनी है क्योंकि इस चौपाटी को बनाने का प्रस्ताव नगर निगम के सदन में विधिवत पारित हुआ था इसके बाद ही चौपाटी की स्थापना हुई और इस चौपाटी के शुभारंभ के कार्यक्रम के आयोजन भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हुए थे इन आयोजनों के फोटो के एल्बम भी पूर्व विधायक ने अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों को दिखलाए। इसलिए यह कहना गलत है कि विजयनगर की चौपाटी अवैध कब्जा करके बनाई गई है।
विजय नगर मुख्य मार्ग पर सडक़ किनारे संचालित होती आ रही चौपाटी का नामो निशाँ मिटाने नगर निगम का अन्याक्रांति दल मौके पर पहुंचा और चौपाटी व्यापारियों के हाथ ठेलों की तोडफ़ोड़ एवं सामग्री जब्त करने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी। औचक कार्रवाई से व्यापारियों में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही पूर्व विधायक विनय सक्सेना मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बलपूर्वक तोडफ़ोड़ को फौरन रुकवाया और मौके पर मौजूद अधिकारियों सहित संबंधितों से चर्चा भी की। विनय सक्सेना ने कहा कि त्यौहार के मौके पर किसी से भी उसका दैनिक कारोबार या रोजीरोटी छीनना मानवीय संवेदना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि इन व्यापारियों को बेदखल करने की बजाए नगर निगम पहले उन सडक़ व्यापारियों को कोई विकल्प मुहैया कराए ताकि व्यापारी विरोध करने की बजाए व्यवस्था के सहभागी बन सकें? श्री सक्सेना की मध्यस्थता के बाद आखिरकार नगर निगम के अमले ने कार्रवाई रोक दी। व्यापारी और अधिकारी दोनों इस बात पर राजी हो गए कि दीपावली के बाद नगर निगम विजय नगर चौपाटी के लिए व्यवस्थित जगह का चयन कर व्यापारियों को विकल्प मुहैया कराएगा और स्थान चिन्हित होते ही व्यापारी स्वत: मौजूदा स्थान खाली कर देंगे। क्षेत्र के पूर्व विधायक विनय सक्सेना द्वारा मौके पर किए गए बीच बचाव और सुझावों पर व्यापारियों ने भी सहमति व्यक्त की और ताबड़तोड़ कार्रवाई से राहत की सांस ली।

यह तय हुआ

श्री सक्सेना ने बताया कि मौके पर यह तय हुआ है कि दीपावाली के बाद नगर निगम अधिकारी इन व्यापारियों के साथ नगर निगम हॉल में बैठक करेंगे और वैकल्पिक स्थान पर चर्चा कर व्यापारियों को संतुष्ट करेंगे। अब दीपावली के मौके पर व्यवस्था को देखते हुए नगर निगम वर्तमान चौपाटी स्थल पर चूने की लाइन डालकर सीमा निर्धारित करे जिसके दायरे के भीतर व्यापारी अपना कारोबार करेंगें। श्री सक्सेना ने बताया कि व्यापारियों ने अपनी मर्जी से सडक़ पर कोई कब्जा नहीं किया बल्कि पूर्व में चौपाटी के लिए उस स्थान का चयन स्वयं नगर निगम सदन में प्रस्ताव पर चर्चा के उपरांत हुआ था लिहाजा ये कहना बिल्कुल गलत है कि व्यापारियों ने स्थान पर कोई अवैध कब्जा किया है। उन्होने कहा कि फिर भी यदि व्यवस्था की ही बात है तो शांतिपूर्ण तरीके से नगर निगम व्यापारियों के साथ चर्चा कर विकल्प प्रदान करे। उन्होने चेतावनी भी दी कि  नियम विरुद्ध तरीके से असंवेदनशील कार्रवाई को हर्गिज़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान पूर्व विधायक विनय सक्सेना के साथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुशीम धर , रिंकू शर्मा , सौरभ नामदेव , मोंटी अग्रवाल , इत्यादि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

धमाकेदार हुआ था चौपाटी का उद्घाटन

विजय नगर की चौपाटी का उद्घाटन बड़े धमाकेदार तरीके से व्यापारियों की मौजूदगी में हुआ था। इस चौपाटी का उदृघाटन उस समय की महापौर श्रीमती स्वाति गोडबोले तथा तत्कालीन विधायक शरद जैन एवं मेयर इन कौंसिल के सदस्य कमलेश अग्रवाल, श्रीराम शुक्ला तथा क्षेत्रीय पार्षद आदि की मौजूदगी में हुआ था। इस चौपाटी को हॉकर जोन  का नाम भी दिया गया था। चौपाटी के उद्घाटन  के मौके पर महापौर और विधायक ने इसे अपनी बड़ी उपलब्धि बतलाया।

भुल्लर की भूल भुलैया, 50 से ज्यादा संपत्तियाँ लॉकर की चाबियाँ मिलीं

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » अपराध » सदन से प्रस्ताव पारित होने के बाद बनी थी, विजयनगर की चौपाटी अवैध नहीं, महापौर स्वाति गोडबोले विधायक शरद जैन की मौजूदगी में मना था चौपाटी के उद्घाटन का जश्न