
फायनेंस कंपनी का कर्मचारी घायल, आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर (जयलोक)। मोबाईल फायनेंस करवाने के बाद किस्त भरने की बात पर हुए विवाद में एक युवक ने फायनेंस कर्मी पर गोली चला दी। गोली फायनेंसकर्मी के हाथ में लगते हुए निकल गई। वहीं वारदात के अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसे देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद किया है जिससे गोली चलाई गई थी।

घटना मदन महल के लिंक रोड स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट के पास की है। मदन महल पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता अनुराग चौरसिया निवासी रानीताल बजाज फायनेंस कंपनी में काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि दीपक पटेल के नाम पर नितिन श्रीवास्तव ने मोबाइल फायनेंस करवाया था, जिसकी किश्त नितिन ही जमा करता था। लेकिन इस बीच नितिन किश्त जमा करने में आनाकानी करने लगा। कई बार नितिन को फोन लगाया गया लेकिन हर बार नितिन किश्त भरने में आनाकानी करने लगा। अनुराग ने नितिन से किश्त देने के लिए संपर्क किया, जिस पर नितिन ने उसे रेल कोच रेस्टोरेंट के पास बुलाया।

अनुराग जब यहां पहुँचा तो किश्त को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी, तभी नितिन ने अपने पास रखी पिस्टल निकालकर अनुराग पर फायर कर दिया। गोली अनुराग के हाथ को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है वहीं पिस्तौल के संबंध में पूछताछ करने पर पता चला कि पिस्तौल अवैध है। पुलिस अब पिस्तौल कहा से प्राप्त की इस विषय पर भी पूछताछ कर रही है।

Author: Jai Lok







