
जबलपुर (जयलोक)। बेरोजगारी और पैसों के लालच में युवा गलत रास्ते चुन रहे हैं। इन्हीं में से एक मादक पदार्थों की तस्करी है जिसमें युवाओं के शामिल होने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। वहीं पकड़े जाने के डर से इस अवैध काम में युवतियों को भी शामिल किया जा रहा है। हाल ही के दिनों में गांजा तस्करी में जिस तरह से युवतियों की संलिप्तता सामने आई है वह इस ओर इशारा कर रही है। ऐसे कामों में पैसों की तंगी युवतियों को मादक पदार्थों की तस्करी में ढकेल रही है। मदाक पदार्थों की तस्करी का नया रूट रायपुर-जबलपुर बना हुआ है।
मादक पदार्थों की तस्करी शहर भर में चोरी छुपे जमकर की जा रही है। आज के समय में गांजा और शराब की तस्करी तो आम बात हो गई है। लेकिन पुलिस भी ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए हैं। जिसमें कई लोग सलाखों के पीछे भी पहुँच चुके हैं। पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने नया तरीका खोज निकाला है जिसमें अब मादक पदार्थों की तस्करी में युवतियों को शामिल किया जा रहा है।

गरीब तबके की युवतियाँ आ जाती है झांसे में
जिन युवतियों का सहारा लेकर गांजा और अवैध शराबों को इधर से उधर किया जा रहा है उन्हें पैसों का लालच देकर तस्करी के कार्य में लगाया जा रहा है। ऐसे मामलों में शहर से बाहर से गाँजा लाकर शहर में तस्करों के हाथों में थमाया जा रहा है। जिसके बाद यह मादक पदार्थ गली मोहल्लों में आसानी से नशेडिय़ों के हाथों में पहुँच रहे हैं। ऐसे मामलों में गरीब तबके की युवतियां पैसे कमाने की लालच में गाँजा तस्करी के काम में लिप्त हो गई हैं।

बुधवार को रायपुर से युवतियाँ लाईं थी गांजा
बुधवार की रात अधारताल रेलवे स्टेशन के आउटर पर एक युवती और उसकी नाबालिक साथी को जीआरपी ने पकड़ा था। जीआरपी ने दोनों के कब्जे से सूटकेस बरामद किया है, जिसमें गांजा भरा हुआ था। जीआरपी का कहना है कि बुधवार की रात आउटर पर दो संदिग्ध युवतियां दिखाई दीं। पूछताछ करने पर युवतियों में एक ने अपना नाम ग्रीन सिटी निवासी शिवानी खिचरे उर्फ कल्पना और उसके साथ अन्य एक नाबालिक थी। पुलिस छानबीन में आरोपियों के बैग में 6 किलो से अधिक गांजा मिला। पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह रायपुर से गांजा लाती थी। पुलिस युवती से गांजा मंगवाने वाले मुख्य सरगना के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने गांजे की कीमत एक लाख से अधिक बताई है।

गोरखपुर में भी पकड़ी गई युवती
इसी तरह का एक मामला गोरखपुर थाना अंतर्गत 20 नवंबर को सामने आया था जिसमें सिद्धबाबा रोड के किनारे एक युवती और युवक ट्राली बैग लेकर गांजा सप्लाई करने निकले थे। पुलिस को गश्त के दौरान इन पर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस ने इनके बैग की तलाशी ली। बैग में 7 किलो 450 ग्राम गांजा रखा मिला। दोनों ने उक्त गांजा रायपुर से लाया जाना बताया।
महिला सहित चार तस्कर गिरफ्तार
मई 2025 में क्राइम ब्रांच और गोराबाजार पुलिस ने एक महिला (राधा सोनकर) समेत चार गांजा तस्करों को 13 किलो से अधिक गांजे के साथ गिरफ्तार किया था।
ये मामले दर्शाते हैं कि शहर में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में महिलाओं और युवतियों की संलिप्तता के कई मामले 2025 में सामने आए हैं, और पुलिस ने इन पर कार्रवाई की है। लेकिन अभी भी ऐसे कई मामले हैं जिनकी भनक पुलिस को नहीं लग रही है।
Author: Jai Lok







