
जबलपुर (जयलोक)। ठंड अब अपने पूरे शबाब पर पहुँच चुकी है। आज ठंड के सीजन की पहली ठंड ने अपना जमकर असर दिखाया। ठंड ने शहर में शीत लहर जैसे हालात बना दिए। सुबह इस तरह से सडक़ों पर कोहरा छाया रहा कि लोगों को अपने दोपहिया और चार पहिया वाहन भी लाइन जलाकर चलाना पड़े। पारा सामान्य से दो डिग्री नीचे रहा। अब सुबह से लेकर रात तक ठंड का असर दिखाई दे रहा है। लेकिन आज की सुबह अन्य दिनों की तुलना में अलग रही। आज सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। सुबह 9 बजे से कोहरा धीरे धीरे कम हुआ। जिसके बाद हलकी धूप निकली और लोगों को राहत की उम्मीद दिखाई दी।

देर से हुई लोगों की सुबह
आज अधिकांश घरों में लोगों की सुबह देर से हुई। इस मामले में लोगों का कहना है कि ठंड और कोहरे की वजह से वे अपने अपने घरों में गर्म गद्दा पल्ली में दुबके रहे। धूप की आस लगाए बैठे लोगों के लिए 8 कब बज गए पता ही नहीं चला। जिसके बाद मजबूरनवश लोगों को दैनिक कार्य के लिए गर्म कपड़ों को पहनकर बाहर आना पड़ा। ठंड से सामान्य जन-जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नौकरीपेशा और कामकाजी लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं सुबह 10 बजे के आसपास सूर्य देव के दर्शन हुए जिसके बाद लोगों को ठंड से राहत की उम्मीद दिखाई दी।

धुंध ने बढ़ाई टे्रनों, वाहनों की परेशानी
कोहरे की धुंध की वजह से कई टे्रनें अपने समय से देरी से चल रही हैं। टे्रनों की राह ताक रहे यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं सडक़ मार्ग का उपयोग करने वाले यात्रियों के लिए भी आज की सुबह परेशानी भरी रही। वाहन चालकों का कहना है कि कोहरे के कारण सुबह आगे कुछ भी साफ नहीं दिखाई दे रहा था जिसके कारण वाहनों की रफ्तार काफी धीमी थी।
सुबह पसरा रहा सन्नाटा
आज सुबह शहर की सडक़ों का आलम यह था कि मार्निंग वॉक पर जाने वाले लोग भी घरों से बाहर नहीं निकले। वहीं सडक़ें सूनी रहीं। ठंड और कोहरे की वजह से लोगों ने अपने अपने घरों में रहना ही मुनासिब समझा।
स्कूली बच्चों और गरीब तबके के लोगों को हुई परेशानी
आज की सुबह ने स्कूली बच्चों और गरीब तबके के लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सुबह सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ा तो वहीं सडक़ किनारे रहकर जीवन यापन करने वाले लोगों के लिए भी आज की सुबह और कल की रात किसी परेशानी से कम नहीं रही।
ऐसा रहा तापमान
सुबह भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी (दृश्यता) काफी कम हो गई। वहीं न्यूनतम तापमान दहाई के नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है जो सामान्य से दो डिग्री कम था। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। मौसम विभाग ने शीत लहर और घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।





