
जबलपुर (जयलोक)। नगर निगम जबलपुर द्वारा चंडालभाटा में बसाए गए ट्रांसपोर्ट नगर में 572 ट्रांसपोटर्स के लिए प्लॉट बनाए थे। इन प्लॉटों में से बहुत सारे प्लॉट गैर ट्रांसपोर्टरों ने हथिया लिए हैं। वहीं ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल उर्फ बबलू ने खुद ही 13 प्लॉट हथिया लिए। वहीं एक ट्रांसपोटर्स सुधीर कुमार भागचंदानी ने खुद भी 9 प्लॉट अपने परिवारजनों के नाम से हड़प लिए वहीं राजेश अग्रवाल द्वारा हड़पे गए 13 प्लॉटों में से 8 प्लॉट किराए पर ले लिए। अब जब ट्रांसपोर्ट नगर के प्लॉटों की लीजों का नवीनीकरण होना है तब जबलपुर गुड्स ट्रांसपोर्ट टेक्निक एसोसिएशन ने नगर निगम आयुक्त को कई बार ये ज्ञापन सौंपे हैं कि अवैध रूप से ट्रांसपोर्ट नगर के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल और ट्रांसपोटर्स भाग चंदानी के प्लॉटों को निरस्त किया जाए।
जबलपुर गुड्स ट्रांसपोर्ट (टेक्निक) एसोसिएशन ने 26 दिसंबर 2025 को नगर निगम आयुक्त, अपरआयुक्त और सहायक आयुक्त संपदा को एक ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन में ट्रांसपोर्ट नगर में सुधीर रोड ट्रांसपोर्ट एवं मुंबई गोल्डन ट्रांसपोर्ट के मालिक सुधीर भागचंदानी के द्वारा अपने एवं परिवार के नाम पर 9 भूखंडों पर गोदामें बनाकर तथा 9 भूखंडों को किराए पर लेकर कुल 18 भूखंड हड़पे गए हैं। जो भूखंड भागचंदानी ने हड़पे हैं उनमें सुनील कुमार भागचंदानी भूखंड कमांक एफ-2, एफ-3 तथा एफ-9, भूखंड क्रमांक डी-23 तथा जी-2 में गोदामें बनाई हैं। सुधीर कुमार भागचंदानी ने भूखंड क्रमांक एफ-10/1, डी-24 में गोदाम बनाई हैं। वहीं काजल भागचंदानी ने भूखंड डी-1, डी-2 भूखंड में गोदामें बनाई हैं।

किराए पर लिए 9 भूखंड
ट्रांसपोटर्स सुधीर कुमार भागचंदानी ने ट्रांसपोर्ट नगर के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल द्वारा हड़पे गए 9 भूखंडों को किराए पर ले लिया और निर्माण कर इन सभी को किराए पर दे दिया। ये भूखंड क्रमांक डी-9, डी-16, इ-20, इ-21, इ-22, इ-23, इ-24, इ-23/बी-1, इ-23/बी-2 भी हैं।

13 भूखंडों को राजेश अग्रवाल ने हड़पा
खुद हड़पें तीन भूखंड और पत्नी, बेटी, बेटा और माँ के नाम से भी हड़पे कई भूखंड
जबलपुर गुड्स ट्रांसपोर्ट टेक्निक एसोसिएशन ने 15 अप्रेल 2025 को आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा था। जिसमें ट्रांसपोर्ट नगर में राजेश अग्रवाल अध्यक्ष ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी संघ के द्वारा अपने व अपने परिवार के नाम पर 13 भूखंडों को हड़पकर किराए पर दिए जाने की शिकायत की गई। इस शिकायत में यह भी बताया गया कि राजेश अग्रवाल और उसके परिवार का कोई भी सदस्य वैद्यानिक रूप से ट्रांसपोर्टर नहीं हैं। राजेश अग्रवाल ने खुद भूखंड क्रमांक डी-9, डी-16, भूखंड क्रमांक 57, नीलम अग्रवाल पत्नी राजेश अग्रवाल के नाम इ-7, इ-23, भूखंड क्रमांक 33, और 56, श्रीमती सुशीला अग्रवाल माँ राजेश अग्रवाल भूखंड क्रमांक 8/1, इ-39/2, पंखुड़ी अग्रवाल पिता राजेश अग्रवाल भूखंड क्रमांक इ-22, पुलकित अग्रवाल पिता राजेश अग्रवाल भूखंड क्रमांक इ-23, बी-1 तथा इ-23, बी-2 भूखंडों को हथियाया गया है। नगर निगम द्वारा अभी लीज का नवीनीकरण होना बाकी है। अब यह देखना है कि नगर निगम ट्रांसपोर्ट नगर में प्लॉटों की डकैती करने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाही करती है और उनके भूखंड निरस्त होंगे या नहीं यह भी कार्रवाही होगी या नहीं इस पर ट्रांसपोर्टरों की नजरें लगी हुई हैं।

Author: Jai Lok







