
जबलपुर (जयलोक)। दृष्टिहीन महिला से धर्मांतरण के एक तथाकथित विवाद के दौरान मारपीट करने के कारण विवाद में आई भाजपा जिला की हाल ही में उपाध्यक्ष बनी भाजपा नेत्री श्रीमती अंजू भार्गव ने आज 8 जनवरी को भाजपा के जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। सूत्रों के अनुसार नगर भाजपा की ओर से अंजू भार्गव को 23 दिसंबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।


भाजपा नेत्री के कृत्य को देखते हुए यह तय माना जा रहा था कि नगर संगठन पार्टी की छवि को धूमिल करने की इस घटना के बाद भाजपा नेत्री अंजू भार्गव पर अनुशासनात्मक कार्रवाई जरूर करेगा। कारण बताओ नोटिस में महिला भाजपा नेत्री जो हाल ही में नगर उपाध्यक्ष बनाई गई थीं को 7 दिन का समय जवाब प्रस्तुत करने के लिए दिया गया था।

लेकिन घटना के कृत्य के सम्बन्ध में जवाब प्रस्तुत करने के बजाये अंजू भार्गव ने नगर उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे में कहा गया कि पार्टी की छवि को कोई नुकसान न पहुंचे और इस मामले की निष्पक्ष जांच होने तक वे इस्तीफा दे रहीं हैं। और वे सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम करती रहेगीं।

वहीं पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि नगर संगठन को अब अपने द्वारा जारी किए गए नोटिस पर निर्णय लेना था और कार्रवाई करनी थी। नगर संगठन कार्यवाही करता तो निष्कासन की स्थिति निर्मित होती। विकल्प के रूप में इस्तीफे का रास्ता अपनाया गया।
नेता प्रतिपक्ष कर रहे काँग्रेस नगर अध्यक्ष के कार्यक्षेत्र में सेंधमारी





