
सौतेले बेटे ने दिया वारदात को अंजाम
मंदसौर। मंदसौर में भाजपा पार्षद की पत्नी की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वार्ड नंबर 15 से भाजपा पार्षद शाहिद मेव के बेटे ने पिता की तीसरी शादी से नाराज होकर सौतेली मां की हत्या कर दी। आरोपी बेटे का नाम साहिल बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, शाहिद मेव ने करीब सात महीने पहले रुबीना से तीसरा निकाह किया था। इस पर साहिल ने रंजिश पाल ली थी। पारिवारिक तनाव और गुस्से के चलते उसने अपनी सौतेली मां को रास्ते से हटाने की साजिश रची। गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे अभिनंदन नगर में रुबीना की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमला उस समय हुआ, जब वह मदारपुरा स्थित मायके से ऑटो में सवार होकर किराए के मकान लौट रही थीं।
वह मकान के पास पहुंची, तभी अपाचे बाइक पर सवार दो युवक आए। एक युवक ने चाकू से रुबीना के पेट, सीने और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी फरार हो गए। लहूलुहान रुबीना को शाहिद जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी में दिखें दोनों आरोपी
घटना के समय बिजली बंद होने के कारण घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सकी। हालांकि, पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। पुलिस के अनुसार मिले सुरागों से यह स्पष्ट हुआ है कि घटना को सौतेले बेटे ने ही अंजाम दिया है।
रुबीना का चौथा निकाह था, एक बेटा और बेटी भी है
जानकारी के अनुसार, रुबीना की पहली शादी करीब 10 साल पहले जावरा में हुई थी, जो 8 साल बाद तलाक में बदल गई। दूसरी शादी तलाक के एक साल बाद दिल्ली के एक व्यक्ति से हुई, जो डेढ़ साल चली। तीसरी शादी भीलवाड़ा में हुई, जिससे उन्हें एक 6 वर्षीय बेटा और 4 वर्षीय बेटी है। कुछ साल बाद यह रिश्ता भी टूट गया। करीब सात महीने पहले रुबीना ने शाहिद मेव से चौथा निकाह किया था।
Author: Jai Lok







