
जबलपुर (जयलोक)। बरगी बाँध की दाईं तट की नहर विगत दिनों क्षतिग्रस्त होकर फूट गई थी। इसकी मरम्मत का कार्य दिन रात युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। गंभीर मामले में जिला कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने भी संबंधित विभागों की बैठक लेकर बरगी बाँध से निकलने वाली दाईं तट और बाईं तट नहरों की मौजूदा स्थिति का आंकलन किया एवं जिस स्थान से नहर फूटी थी वहां पर मरम्मत कार्य की स्थिति की भी समीक्षा की। इसके साथ ही कलेक्टर के निर्देश पर नर्मदाघाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) के माध्यम से शासन को दाईं तट और बाईं तट नहर के रख रखाव सफाई एवं मरम्मत कार्य के लिए तकरीबन 6 सौ करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव भेजा गया है।
बरगी बाँध संभाग क्रमांक चार की कार्यपालन यंत्री श्रृद्धा बंसोडकर ने बताया कि दाईं तट नहर के क्षतिग्रस्त हुए हिस्से का सुधार कार्य युद्ध स्तर पर दिन रात करवाया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता है किसानों को जल्द से जल्द पानी उपलब्ध करवाया जाए। कार्य पालन यंत्री ने यह भी बताया कि, हम सुधार कार्य के साथ साथ इस दिशा में भी काम कर रहे हैं कि अस्थाई व्यवस्था कर पानी की सप्लाई आगे की नहर की ओर जल्द प्रारंभ की जा सके। ताकि किसानों को फसल के लिए जल्द पानी मिल सके।

जबलपुर, सिहोरा, पनागर के किसान हैं प्रभावित
दाईं तट की नहर क्षतिग्रस्त होने के कारण वर्तमान में नहर में पानी की सप्लाई पूर्णत: बंद करके रखी गई है। दाईं तट नहर के माध्यम से जबलपुर ग्रामीण, सिहोरा और पनागर का 40 हजार हेक्टेयर सिंचाई रकवा प्रभावित है। अस्थाई व्यवस्था से जल्द पानी की सप्लाई प्रारंभ होने से यहां के किसानों को हो रही समस्या का निराकरण होगा।

दो दर्जन किसानों के नुकसान की जानकारी
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने जयलोक से चर्चा करते हुए बताया कि प्रारंभिक सर्वे में लगभग दो दर्जन किसानों के खेतों में पानी भर जाने से नुकसान होने की बात सामने आई है। सर्वे का कार्य बारिकी से करवाया गया है। आरबीसी 6-4 के तहत नुकसान सर्वे की प्रक्रिया संपादित की गई है। गेहूँ की फसल को उतना नुकसान नहीं हुआ है सब्जी और चने की फसल के अधिक नुकसान की बात सामने आई है।

312 करोड़ से होगा दाईं तट नहर का मरम्मत कार्य
बरगी बाँध संभाग क्रमांक चार की कार्यपालन यंत्री श्रृद्धा बंसोडकर ने बताया कि दाईं तट नहर की जिम्मेदारी उनके पास है और 312 करोड़ रूपये की लागत से दाईं तट नहर का मरम्मत कार्य और साफ सफाई आदि कार्य होना है। शासन को इस आशय हेतु प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
इनका कहना है
मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए हैं। बरगी बाँध के नहरों के मरम्मत कार्य हेतु संबंधित विभाग ने शासन को राशि की स्वीकृति हेतु पूर्ण रिपोर्ट भेज दी है। जिसकी प्रक्रिया चल रही है।
– राघवेन्द्र सिंह, कलेक्टर
Author: Jai Lok







