
जबलपुर (जय लोक)। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कटंगा क्रॉसिंग से गौरी घाट की ओर जाने वाले मार्ग के बीच बिछाई गई पाइपलाइन के रीरेस्टोरेशन के कार्य में चल रहा गड़बड़ झाला आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने पकड़ लिया। यह वही गड़बड़ झाला है जिसको कुछ महा पूर्व निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के विधायक और मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने आड़े हाथों लिया था और घटिया कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को भी जमकर फटकार लगाई थी।

लेकिन दिखावे के हो हल्ले के बाद ठेकेदार ने अपनी मनमानी फिर शुरू कर दी और रीरेस्टोरेशन के कार्य में गुणवत्ताहीन कार्य करने लगा। सडक़ धंसने की लगातार सामने आ रही खबरों के बाद आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अचानक अधीनस्थ अधिकारियों के साथ उक्त मार्ग में चल रहे विकास कार्य का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि सडक़ के ऊपर जल प्रदाय योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन के रीरेस्टोरेशन के मामले में घटिया तरीके से कार्य किया जा रहा है। जिसके कारण सडक़ धंसने की शिकायत सामने आ रही है। सडक़ पर खोदे गए गड्ढों को हार्ड मुरम से भरा जाना था लेकिन यहां पर कचरा और अन्य प्रकार की सामग्री से गड्ढों को भरा जा रहा था। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाया कि गुणवत्ता विहीन कार्य के कारण सडक़ को नुकसान हो रहा है और आने वाले समय में यह सडक़ परेशानी का सबक बन सकती है। इस तरह से लापरवाही पूर्वक चल रहे कार्य पर निगमायुक्त ने ठेकेदार कंपनी ईगल पीसी स्नेहल पर पांच लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही कार्य की निगरानी नहीं करने के कारण आर बी कंसलटेंट और जिम्मेदार उपयंत्री को कारण बताओं नोटिस भी जारी किया गया है।

कुछ माह पूर्व क्षेत्र के विधायक कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने भी इस मार्ग का पैदल निरीक्षण किया था उस वक्त भी तत्कालीन आयुक्त एवं आज के दौरे में शामिल निगम के अधिकारी शामिल थे। मंत्री श्री राकेश सिंह ने उस वक्त भी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट लहजे में समझाया था कि यह रोड व्हाइट टॉपिंग वाली गुणवत्ता के साथ निर्मित होना है ताकि इसका वर्षों तक लाभ शहर की जनता को मिल सके। उस वक्त भी यही काम चोरी पकड़ी गई थी कि ठोस मलबे की जगह कचरा से पाइपलाइन के खोदे गए गड्ढे को भरा जा रहा था। निगमायुक्त ने एक बार फिर अपनी बात दोहराते हुए कहा है कि शहर के विकास के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसा कार्य करने वालों पर अर्थ दंड और कानूनी रूप से कार्यवाही भी की जाएगी।
पूर्व आयुक्त ने भी लगाया था जुर्माना – पूर्व आयुक्त प्रीति यादव ने भी निरीक्षण के दौरान पाई गई गड़बड़ी को संज्ञान में लेते हुए ठेकेदार के खिलाफ जुर्माने की कार्यवाही की थी।
प्रलय से भी अपने भक्तों की रक्षा करने वाले : श्री महालयेश्वर महादेव
Author: Jai Lok






