
जबलपुर (जयलोक)। सुरक्षा, स्वच्छता और सफाई व्यवस्था पर निगमायुक्त अपनी नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए अपने अपने क्षेत्राधिकार आने वाले क्षेत्रों मेंं निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के आदेश भी दिए गए हैं। इसी कड़ी में निगमायुक्त के साथ सडक़ों पर उतरकर निगम की टीम ने जहां गुरंदी में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ज्वलनशील पदार्थ रखने पर कार्रवाही के साथ जुर्माने की कार्रवाही की तो वहीं गौरीघाट में माँ नर्मदा की शुद्धता को प्रभावित करने वाले प्लास्टिक कोटेड दोनों के उपयोग और बिक्री को रोकने के लिए 22 दुकान संचालकों पर जुर्माना लगाया। इसी तरह तीसरी कार्रवाही में निगमायुक्त खुद सडक़ पर उतरे और साफ सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत को परखा और दुकान संचालकों से संवाद किया।

सुरक्षा और नियमों को लेकर सख्त हुआ निगम
गुरन्दी क्षेत्र में एक व्यापक जांच और समझाइश अभियान चलाया गया। दल ने व्यापारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि जनहानि और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है। व्यापारियों को अग्नि शमन यंत्रों और अन्य एहतियाती उपायों को लेकर विस्तार से समझाइश दी गई। निरीक्षण के दौरान निगम स्वामित्व की कई दुकानों में अनियमितताएं भी पाई गईं। जाँच में यह सामने आया कि कई दुकानदारों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुबंध पत्र निष्पादित नहीं किए हैं। अनुबंध न होने की स्थिति में अब दुकानदारों से लगभग 300 रुपये के आसपास के हिसाब से एरियर की राशि वसूल की जाएगी।

गौरीघाट में 22 दुकानदारों पर लगा जुर्माना
माँ नर्मदा की शुद्धता को प्रभावित करने वाले प्लास्टिक कोटेड दोनों के उपयोग और बिक्री को रोकने के लिए विभाग ने विशेष अभियान चलाया। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि नर्मदा पूजन और दीपदान के लिए प्लास्टिक कोटेड दोनों का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित है। इसके बावजूद, कई दुकानदार नियमों की अनदेखी कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान ऐसे 22 दुकानदारों को चिन्हित किया गया जो दीपदान के लिए प्लास्टिक कोटेड दोने बेच रहे थे। नगर निगम ने स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सख्त रुख अपनाते हुए इन दुकानदारों के चालान काटे और मौके पर ही 4800 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला। निरीक्षण के दौरान दुकानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक कोटेड दोने जप्त किए गए। कार्यवाही के समय सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक वैभव तिवारी, स्वास्थ्य निरीक्षक अमन चौरसिया और सुपरवाइजर सुरेश, राजेश, राज अर्खेल एवं अमर उपस्थित रहे।

1 अप्रैल से महँगा होगा का सफर, भोपाल समेत कई रूट्स पर टोल राशि में बढ़ोतरी होगी
Author: Jai Lok






