
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार सुबह भगदड़ की घटना में 9 लोगों की मौत हो गई और दर्जनभर से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों में सभी महिलाएं बताई जा रही हैं। मृतकों में से 2 की पहचान सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की 50 वर्षीय पत्नी रीता देवी और मथुरापुर नूरसराय निवासी कमलेश प्रसाद की 45 वर्षीय पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद मंदिर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। बताया गया है कि मंगलवार सुबह शीतला अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में जुटी थी। इसी दौरान मंदिर में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचे हैं और बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल इस बात का पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि भगदड़ की वजह क्या थी। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि मंदिर में काफी भीड़ थी लेकिन उस हिसाब से सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए थे। ज्ञात हो कि माघड़ा गांव, जो बिहारशरीफ से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित है, में शीतला अष्टमी के दिन परंपरा के अनुसार भक्तों के घरों में चूल्हा नहीं जलता और एक दिन पहले ठंडा भोजन (बासी) माता को भोग के रूप में अर्पित किया जाता है। अष्टमी के दिन मंदिर में लंबी कतारों में भक्त माता के दर्शन के लिए आते हैं, जिससे भारी भीड़ और भगदड़ जैसी घटनाओं का खतरा रहता है।

बिजली कंपनियाँ बनाम गैरों पे करम अपनों पे सितम…
Author: Jai Lok








