
खितौला श्मशानघाट में हुआ दर्दनाक हादसा
जबलपुर (जय लोक)। खितौला थाना अंतर्गत आने वाले शमशान घाट में आज सुबह हडक़ंप मच गया। जहाँ लापता युवक का अधजला शव शमशान घाट में देखा गया। कहा जा रहा है कि मृतक ने चिता पर लेटकर अपनी जान दी है। एक दिन पूर्व ही युवक के परिवार से एक की मौत हुई थी। जिसके अंतिम संस्कार के बाद से ही युवक लापता हो गया था। जब वह नहीं मिला तो आज सुबह लोग खारी उठाने श्मशान घाट पहुँचे। यहाँ देखा कि जहाँ एक दिन पूर्व परिवार के सदस्य का अंतिम संस्कार किया गया था उसी चिता पर लेटकर युवक ने अपनी जान दे दी।

मामला हिरन नदी के पास बने श्मशान घाट का है। ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार शाम को खितौला श्मशान घाट में एक महिला का अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार के उपरांत परिजन चिता को जलता छोडक़र अपने घर लौट गए थे। इसी दौरान रात करीब 3 बजे सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल निवासी खितौला, अचानक अपने घर से निकल गया। परिजनों द्वारा आज सुबह करीब 6 बजे खितौला थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई, जिसके बाद परिजन एवं परिचित उसकी तलाश में जुट गए। इसी क्रम में सुबह 7 बजे जब संबंधित परिजन श्मशान घाट पहुँच कर और चिता की राख (खारी) एकत्रित करने गए, तब उन्होंने देखा कि उसी चिता के ऊपर एक युवक का आधा जला हुआ शव पड़ा है। यह दृश्य देखकर वहाँ उपस्थित लोग स्तब्ध रह गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह ने अपने थाना की टीम को मौके पर पहँुचा कर तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कराई। उनकी त्वरित कार्रवाई से मौके पर किसी प्रकार की अव्यवस्था या अराजकता की स्थिति निर्मित नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को चिता से अलग कर अपने कब्जे में लिया तथा जाँच प्रारंभ की। जाँच के दौरान मृतक की पहचान सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल के रूप में की गई। प्रारंभिक जाँच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जाँच की जा रही है। परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस असामान्य घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएँ व्याप्त हैं तथा लोगों में भय और कौतूहल का वातावरण बना हुआ है।

मानसिक रोगी बताया जा रहा युवक
वहीं खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम का कहना है कि जाँच के दौरान यह बात सामने आई है कि चिता पर लेटकर जान देने वाला युवक मानसिक रोगी है। लेकिन उसने ऐसा क्यों किया इस बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।


इनका कहना है
एक युवक ने चिता पर लेटकर अपनी जान दे दी है। युवक मानसिक रोगी था, जिसके माता पिता नहीं हैं। इस मामले में आगे की जाँच की जा रही है।
रमन सिंह मरकाम, खितौला थाना प्रभारी
Author: Jai Lok






