Download Our App

Home » जबलपुर » एलपीजी से भरी मालगाड़ी में रिसाव, तीन घंटे का हाईअलर्ट ऑपरेशन, समय रहते टला बड़ा हादसा

एलपीजी से भरी मालगाड़ी में रिसाव, तीन घंटे का हाईअलर्ट ऑपरेशन, समय रहते टला बड़ा हादसा

जबलपुर के भिटोनी के लिये आ रही थी मालगाड़ी
जबलपुर (जयलोक)। देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत से जुड़ी खबरों के बीच मध्यप्रदेश के खंडवा में रविवार देर रात गैस रिसाव से एक बड़ा हादसा टल गया। पनवेल से जबलपुर के भिटोनी जा रही एलपीजी से भरी मालगाड़ी के एक वैगन में लीकेज मिला, जिसके बाद हडक़ंप मच गया। महाराष्ट्र के पनवेल से एक मालगाड़ी जबलपुर के भिटोनी की ओर जा रही थी। भारत पेट्रोलियम की इस मालगाड़ी के 32 वैगन में एलपीजी गैस भरी हुई थी। स्टाफ चेंज के लिए गाड़ी को खंडवा आउटर पर रोका गया। इस दौरान ट्रेन स्टाफ ने डिब्बों की जांच की, जिसमें एक वैगन से गैस रिसाव होने की जानकारी सामने आते ही हडक़ंप मच गया। इसके बाद तुरंत ही रेलवे, जिला प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, जिला कलेक्टर, खंडवा एसपी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर इस रूट से गुजर रही राजधानी सहित करीब 6 ट्रेनों को सुरक्षित दूरी पर आउटर में ही रोक दिया गया।
खंडवा कलेक्टर ने बताया कि रविवार देर रात करीब 9.30 बजे महाराष्ट्र की ओर से आ रही मालगाड़ी खंडवा से होकर जबलपुर जा रही थी। 32 वैगन में एलपीजी गैस भरी थी, जिनमें से एक वैगन में लीकेज की जानकारी मिली। जैसे ही सूचना मिली प्रशासन, पुलिस और रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और लीकेज वाले वैगन की पहचान कर प्रारंभिक रूप से गीली बोरियों और रेत के माध्यम से रिसाव को रोकने का प्रयास किया गया। साथ ही लीकेज की मरम्मत के लिए पीथमपुर से तकनीकी टीम को बुलाया गया।
कलेक्टर बोले- हो सकता था बड़ा हादसा
कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि लीकेज वाले वैगन को आइसोलेट कर दिया गया और 32 में से 31 वैगन को अलग कर मालगाड़ी को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। करीब 3 घंटे तक यह ऑपरेशन चला, जिसके चलते इस रूट की ट्रेनों को रोका गया। उन्होंने बताया कि एक वैगन में भरी एलपीजी गैस ही बड़े हादसे के लिए पर्याप्त होती है, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
इन्होंने कहा
खंडवा डीआईजी मनोज कुमार राय के अनुसार लीकेज की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की प्राथमिकता लीकेज की पहचान और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखना था। इस दौरान ट्रेनों को रोका गया और लीकेज वाले वैगन को आइसोलेट कर अलग किया गया। पानी और बोरों की मदद से रिसाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। पीथमपुर से बुलाई गई तकनीकी टीम शेष लीकेज को ठीक करने में जुटी है। रात करीब साढ़े 12 बजे 31 वैगन के साथ मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से आरपीएफ और जीआरपी स्टाफ मौके पर तैनात रहा। अलग किए गए वैगन को सुरक्षित रखा गया है और उसे जल्द ठीक कर रवाना करने के प्रयास जारी हैं।

नर्मदा का प्रवाह रोककर नदी में बना दी सड़क, दहल उठा नर्मदा भक्तों का दिल…खुलेआम नदी में प्रदूषण

 

देर रात शहर में फिर धाँय-धाँय, दो जगहों पर चली गोली, एक के सीने में धँसी, दूसरे मामले में फायरिंग करके भागे आरोपी

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » जबलपुर » एलपीजी से भरी मालगाड़ी में रिसाव, तीन घंटे का हाईअलर्ट ऑपरेशन, समय रहते टला बड़ा हादसा