
खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी के बाहर किया चकाजाम
जबलपुर (जयलोक)। गैस वितरण व्यवस्था को लेकर शहरवासियों में नाराजगी देखी जा रही है। पूर्व में जिस तरह से गैस सिलेंडर को लेकर हालात बने थे कुछ ऐसे ही हालात अब भी शहर में देखे जा रहे हैं। जिसके कारण एक गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का गुस्सा भड़का और उन्होंने खाली गैस सिलेंडर लेकर चकाजाम कर दिया।

यह मामला संस्कारधानी गैस एजेंसी का है। यहां संचालकों की मनमानी के विरोध में उपभोक्ताओं ने खाली सिलेंडर लेकर सडक़ पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण दमोहनाका मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि एजेंसी द्वारा समय पर गैस की आपूर्ति नहीं की जा रही है और बार-बार शिकायत के बाद भी प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और उग्र लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन द्वारा एजेंसी संचालक से जवाब तलब कर व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं।

उपभोक्ताओं ने कहा समय पर नहीं मिल रही गैस
चकाजाम के दौरान उपभोक्ताओं का कहना था कि गैस एजेंसी संचालक और हॉकर्स समय पर उन्हें रसोई गैस का वितरण नहीं कर रहे हैं। ना तो घरों में गैस पहुँचाई जा रही है ना ही लंबी लाइन लगने के बाद गैस मिल रही है। उलटा तरह-तरह के बहाने बनाकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है। कई उपभोक्ता ऐसे भी थे जिनके घरों में रसोई गैस खत्म हो गई थी और वे दो से तीन दिनों तक एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं।
नर्मदा का प्रवाह रोककर नदी में बना दी सड़क, दहल उठा नर्मदा भक्तों का दिल…खुलेआम नदी में प्रदूषण
Author: Jai Lok







