
अमरावती
आंध्र प्रदेश के मुप्पल्ला मंडल स्थित थोंडपी गांव से एक रूह को कँपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ बर्बरता की सभी हदें पार कर दीं। आरोपी ने घरेलू विवाद और शक के चलते अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसका एक पैर शरीर से अलग कर दिया।

इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद कटा हुआ पैर लेकर पुलिस थाने पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और हडक़ंप का माहौल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान वेल्लेपु लक्ष्मैया के रूप में हुई है, जो पेशे से एक दिहाड़ी मजदूर है।

वहीं, पीडि़ता उसकी 33 वर्षीय पत्नी वी भूलक्ष्मी है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मैया शराब का आदी है और उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। अवैध संबंधों के शक को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार को भी इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।

तैश में आकर लक्ष्मैया ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। उसने पत्नी के पैर पर कुल्हाड़ी से इतने वार किए कि पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। वारदात के तुरंत बाद आरोपी कटा हुआ अंग लेकर स्थानीय थाने पहुंच गया। वहां मौजूद पुलिस अधिकारी भी यह दृश्य देखकर सन्न रह गए।
पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में ले लिया और एक टीम को कटा हुआ पैर लेकर गुंटूर के सरकारी अस्पताल भेजा, ताकि चिकित्सक उसे दोबारा जोडऩे की संभावनाओं पर काम कर सकें। दूसरी ओर, घायल महिला को पड़ोसियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मंगलगिरी स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि महिला की धीरे-धीरे स्थिर हो रही है और पैर को बचाने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।
स्कूलों के खराब परिणामों के दोषी शिक्षकों-अधिकारियों को मिला दंड, कलेक्टर ने कई को किया निलंबित
Author: Jai Lok







