
फोटोयुक्त मतदाता सूची का हो रहा पुनरीक्षण
भोपाल (जयलोक)। मप्र में 2027 में होने वाले नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। मप्र राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों की फोटो युक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। एक जनवरी 2026 को संदर्भ तारीख मानकर यह पुनरीक्षण किया जाएगा। यह इस बात का संकेत है कि राज्य निर्वाचन आयोग इन चुनावों के लिए परिसीमन नहीं कराएगा। यानी आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव पुराने परिसीमन (वर्ष 2022) पर ही होंगे। मप्र राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति तथा जिला स्तरीय प्रशिक्षण 27 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। फोटो युक्त प्रारूप मतदाता सूची का विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 15 मई को किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची पर आम नागरिकों के दावे और आपत्तियां 25 मई तक स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त सभी दावों-आपत्तियों का निराकरण 30 मई तक कर दिया जाएगा। अंत में, फोटो युक्त अंतिम मतदाता सूची का विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 18 जून को होगा। यह पुनरीक्षण कार्यक्रम मतदाता सूची को अपडेट और शुद्ध रखने के लिए महत्वपूर्ण है। इसमें नए मतदाताओं का नाम जुडऩा, पुराने नाम हटना, नाम, पते, फोटो में सुधार जैसी प्रक्रियाएं शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
परिसीमन इसलिए जरूरी, यह होता असर: राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों का कहना है कि पंचायतों और नगरीय निकायों में हर पांच वर्ष में चुनाव होना अनिवार्य है। राज्य निर्वाचन आयोग को चुनाव कराने से पहले परिसीमन पूरा करना होता है, ताकि प्रत्येक इकाई संविधान द्वारा निर्धारित मानकों, जैसे-आबादी, मतदान अधिकार आदि को पूरा करे। साथ ही ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके। नए परिसीमन के बाद कई वार्डों की संख्या, आकार और सीमाएं बदल सकती थीं। आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों में उम्मीदवारों की स्थिति, मतदाता सूची और राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ता।
18 जून को अंतिम प्रकाशन
राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की फोटोयुक्त मतदाता सूची का वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया है। एक जनवरी, 2026 की संदर्भ तारीख के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण होगा। फोटो युक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 जून को किया जाएगा। आयुक्त, राज्य निर्वाचन आयोग मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि आयोग ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। रजिस्ट्रीकरण, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की नियुक्ति और जिला स्तरीय प्रशिक्षण 27 अप्रैल तक किया जाएगा।

प्रस्ताव वापस : नियम नहीं माने तो सफाई ठेकेदार पर लगेगी पेनाल्टी,महापौर ने मानी पार्षदों की माँग
Author: Jai Lok








