
जबलपुर (जय लोक)।रेलवे द्वारा मुंबई और कोलकाता के बीच सबसे बड़े और सबसे व्यस्ततम रेलवे मार्ग के बीच में तीसरी लाइन बिछाने का काम शुरू होने जा रहा है। यह तीसरी नई रेलवे लाइन जबलपुर से इटारसी तक और जबलपुर से मानिकपुर तक के रूट पर बिछाई जाएगी। इस तीसरी लाइन को 519 किलोमीटर के ट्रैक पर बिछाया जाएगा। इस लाइन को बिछाने के लिए 9461 करोड रुपए की डीपीआर को रेलवे बोर्ड से प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल गई है। इस तीसरी रेलवे लाइन से इटारसी से जबलपुर और सतना होकर इलाहाबाद तथा हावड़ा जाने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत होगी।

जब तीसरी नई रेल लाइन डाली जायेगी तब जबलपुर के साथ ही कटनी और सतना रेलवे स्टेशनों पर रेलवे बाईपास भी निर्मित कराए जाएंगे।

जबलपुर कटनी और सतना यह तीन बड़े स्टेशन हैं और जंक्शन भी हैं जिन पर रेलवे के यातायात का बहुत दबाव रहता है और इन तीनों ही शहरों के बड़े स्टेशनों पर प्लेटफार्म खाली न होने या इंजन बदलने के लिए सुपरफास्ट ट्रेनों को आउटर पर ही 30 मिनट और कभी-कभी तो 1 घंटे तक खड़ा रहना पड़ता है। जब तीसरी लाइन डल जाएगी तब यह समय भी बच जाएगा?। तीसरी लाइन सीधे जबलपुर, कटनी, सतना जंक्शनों के बाहर से निकलेगी जिससे लंबी दूरी की प्रीमियम ट्रेन और मालगाडिय़ां शहर के ट्रैफिक में फंसे बिना तेजी के साथ निकल सकेंगी ।

वहीं इलाहाबाद जाने के लिए करीब 1 घंटे का समय भी बच जाएगा?। नई रेलवे लाइन को बिछाने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने मैदानी तैयारी भी शुरू कर दी है। तीसरी तीसरी रेलवे लाइन को बिछाने के लिए सर्वेक्षण और मिट्टी परीक्षण का कार्य भी जारी है। तीसरी लाइन को बिछाने की परियोजना को एनपीजी से मंजूरी भी मिल गई है। यह उम्मीद की जा रही है कि रेलवे द्वारा जबलपुर से इटारसी और जबलपुर से मानिकपुर तक तीसरी रेल लाइन बिछाने का काम बहुत शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
Author: Jai Lok






