
परितोष वर्मा
जबलपुर (जयलोक)। जबलपुर विकास प्राधिकरण सात साल तक अफसरशाही की गिरफ्त में रहा है। अब डॉ. मोहन यादव की सरकार ने निगम मंडलों में नियुक्तियाँ की हैं। जबलपुर विकास प्राधिकरण के नए अध्यक्ष की जवाबदारी भाजपा के सक्रिय नेता संदीप जैन को सौंपी गई है। निसंदेह जेडीए अध्यक्ष का पद असीम संभावनाओं और उम्मीदों से परिपूर्ण समझा जाता है। अब वर्तमान स्थितियों में इस जिम्मेदारी के साथ कई प्रकार की नई चुनौतियाँ भी नए जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन के समक्ष खड़ी हो रही हैं। सबसे बड़ी समस्या नजर आ रही है इस वर्ष विकास प्राधिकरण का बजट बहुत देर से मंजूरी ले पाया।
जिसके कारण प्राधिकरण द्वारा संचालित गिनीचुनी योजनाएं स्कीम नम्बर 64, स्कीम नम्बर 65, टीडीएस 2, टीडीएस 3, टीडीएस 5 के चल रहे कार्य भी गति नहीं पकड़ पाए हैं। बारिश दस्तक दे चुकी है, आने वाले कुछ महिनों में विकास से संबंधित निर्माण कार्य या योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु होने वाले कोई भी कार्य गति पूर्वक नहीं हो पाएंगे। इस परिस्थिति में स्वीकृत हो चुकी बजट की राशि को समय सीमा में खत्म करना भी एक चुनौती माना जा रहा है। इसके साथ ही जब तक विकास कार्य धरातल पर नजर नहीं आएंगे तब तक विकास प्राधिकरण तैयार भूखंडों या कॉलोनियों का विक्रय कर अपनी आमदनी (रेविन्यू) भी बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य नहीं कर पाएगा।

460 एकड़ से अधिक का विकास है प्राधिकरण के अधीन
जबलपुर विकास प्राधिकरण वर्तमान समय में अपनी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत तकरीबन 460 एकड़ से अधिक की भूमि पर विकास कार्य कर रहा है। जिनमें अलग अलग प्रोजेक्ट संचालित हो रहे हैं। लेट बजट स्वीकृति के कारण इन सभी चल रहे कार्यों की गति में ठहराव का प्रभाव नजर आ रहा है। इस ठहराव को नए अध्यक्ष को दूर करना होगा।

नई योजनाओं के लिए ज्यादा राशि नहीं
जबलपुर विकास प्राधिकरण के नए बजट में दर्जनों बार सुधार कार्य करवाने के बाद तत्कालीन अध्यक्ष जो कि संभागायुक्त होते हैं ने नए बजट में नई योजनाओं के लिए अधिक राशि का प्रावधान नहीं करवाया है। इसकी अलग अलग वजह, अलग-अलग लोगों के द्वारा बताई जा रही है। तकनीकी रूप से देखा जाए तो यह भी कहा जा रहा है कि केवल पॉलिसी अनुसार नई योजनाओं से संबंधित मदों को जीवित रखने के लिए कुछ मात्र राशि का प्रावधान इन मदों के अंतर्गत किया गया है।


जो उत्तरदायित्व मिला है उसे निष्ठा से पूरा करूँगा-संदीप जैन
वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से जबलपुर विकास प्राधिकरण के नए अध्यक्ष नियुक्त हुए संदीप जैन वैष्णव ने उक्त जिम्मेदारी मिलने पर भारतीय जनता पार्टी के प्रति आभार व्यक्त किया है। श्री जैन ने कहा कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण के कार्यों के लिए मुझे जो उत्तरदायित्व मिला है यह मेरे लिए गौरव और सम्मान की बात है। मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए संगठन और सरकार की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगा।
6 माह में पुननिरिक्षित हो सकता है बजट का
जानकारों का कहना है कि नए बजट की विषमताओं के कारण अगर कोई चुनौतियाँ नए अध्यक्ष संदीप जैन के समक्ष उत्पन्न होती भी हैं तो वे इसका निराकरण करने के लिए अगले 6 माह में स्वीकृत हो चुके बजट का पुन: निरीक्षण करवाकर इसके अंतर्गत जरूरत के अनुसार विकास के कार्यों को ध्यान में रखते हुए अधिक राशि स्वीकृत कराने के लिए बोर्ड के समक्ष बजट को पुन: ले जा सकते हैं।
जबलपुर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन ने आज भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से भेंट की और उनका स्वागत किया। श्री जैन कुछ दिनों पूर्व भोपाल जाकर मुख्यमंत्री से भी भेंट कर चुके हैं।
‘स्वस्थ भारत पोर्टल’ लॉन्च, देश की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म
Author: Jai Lok






