Download Our App

Home » News » शराब पार्टी में हुए विवाद पर युवक की चाकू मारकर हत्या

शराब पार्टी में हुए विवाद पर युवक की चाकू मारकर हत्या

मदन महल की घटना, एक आरोपी गिरफ्तार दूसरा फरार

जबलपुर (जय लोक)। मदन महल थाना अंतर्गत मामूली सी बात को लेकर फिर एक युवक की हत्या कर दी गई। यहां शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि हत्यारों ने बदला लेने के लिए युवक पर दनादन चाकूओं से कई वार किए। लहुलुहान हालत में घायल सडक़ों पर काफी देर तक तड़पता रहा। जिसके बाद उसकी मौत हो गई वहीं हत्या करने के बाद हत्यारे मौके से फरार हो गए।
शिवाजी चौक स्थित एक बारात घर के पीछे डीजे का संचालन करने वाले कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अतुल प्यासी और कपिल प्यासी का दूसरे पक्ष के कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। शराब के नशे में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को अपशब्द कह दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी। माहौल बिगड़ता देख मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद अतुल और कपिल वहां से  निकलकर अपने घर की ओर जाने लगे। बारात घर के पीछे जिन युवकों से विवाद हुआ था, वे समझौता होने के बाद भी शांत नहीं बैठे थे। उन युवकों ने कुछ देर बाद मोटर साइकिल से अतुल और कपिल का पीछा करना शुरू कर दिया। हमलावरों ने तीन पत्ती इलाके में स्थित यूको बैंक के पास एक रेस्टोरेंट के सामने इन दोनों को बीच रास्ते में रोक लिया। वहां आरोपियों ने कुछ देर पहले हुए विवाद को लेकर एक बार फिर बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपियों ने कपिल प्यासी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने कपिल की कमर के नीचे चाकू मारा, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर सडक़ पर गिर गया और तड़पने लगा।

रात दो बजे हुई वारदात
यह पूरी वारदात देर रात 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ कपिल को वहां मौजूद लोग और उसके साथी तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद कपिल को मृत घोषित कर दिया।

मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, एक फरार
पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि शराब के नशे में हुआ मामूली विवाद  हत्या की मुख्य वजह बना। मदन महल पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

पाटन में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान
पाटन थाना क्षेत्र में पत्नी का इलाज कराने घर से निकला युवक अगले ही दिन खेत में मृत अवस्था में मिला। युवक के शव पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम धमनी निवासी 30 वर्षीय जीवन सिंह लोधी 14 मई को अपनी पत्नी का इलाज कराने कटरा स्थित एक निजी डॉक्टर के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि जीवन सिंह अपनी पत्नी को डॉक्टर के यहां छोडक़र और मोटरसाइकिल भी वहीं खड़ी कर शाम करीब 6 बजे पैदल कहीं चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं लग सका। अगली सुबह मृतक के भांजे नीलेश सिंह लोधी ने परिवार को सूचना दी कि कटरा बेलखेड़ा गांव स्थित शिव प्रसाद के खेत और कोटवार के खेत के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान जीवन सिंह लोधी के रूप में हुई। युवक का शव खेत में पड़ा देखकर परिजनों के होश उड़ गए और क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। जानकारी के अनुसार युवक की गर्दन में चोट के निशान पाए गए हैं, वहीं बाईं आंख के पास काला निशान भी दिखाई दिया। इसके अलावा दाहिने हाथ में भी चोट के निशान मिले हैं। शरीर पर मिले इन निशानों के बाद परिजन मौत को संदिग्ध बता रहे हैं।

कर्मचारी हुए कार्यालय से गायब तो अधिकारी नपेंगे, नगर निगम में लापरवाह कर्मचारियों पर रखी जा रही नजर

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » शराब पार्टी में हुए विवाद पर युवक की चाकू मारकर हत्या

Top Headlines

‘ऑडिटरों का ऑडिट’ क्या भगवान करेगा?

(जयलोक)।। मध्यप्रदेश शासन की ट्रेजरी में ‘इफमिस यानी इंटीग्रेटेड फाइनेंशियल मैनेजमेंट इन्फॉर्मशन सिस्टम’ के जरिए 600 करोड़ का घोटाला पकड़ा

Live Cricket

error: Content is protected !!