
भोपाल (जयलोक) । भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में मध्य प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में मामले की जांच सीबीआई को हस्तांतरित करने की सिफारिश की गई है। बताया जा रहा है कि ट्विशा शर्मा के परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने परिजनों को सीबीआई जांच कराने का आश्वासन दिया था। अब गृह विभाग की अधिसूचना के बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है। 
सीबीआई को जांच की अनुमति
सरकार ने सीबीआई को इस मामले से जुड़े अपराध, साक्ष्य, दुष्प्रेरण और अन्य पहलुओं की जांच की अनुमति भी दे दी है। माना जा रहा है कि सीबीआई अब पूरे मामले की नए सिरे से जांच करेगी। इस फैसले के बाद पीडि़त परिवार को निष्पक्ष जांच की उम्मीद बढ़ गई है।
12 मई को मिला था ट्विशा शर्मा का शव
गौरतलब है कि 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित बाग मुगलिया एक्सटेंशन में पूर्व जज गिरिबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा मृत अवस्था में मिली थीं। शुरुआती जानकारी में मामले को फांसी लगाकर आत्महत्या बताया गया था, लेकिन ट्विशा के परिजनों ने इसे दहेज हत्या का मामला बताते हुए गंभीर आरोप लगाए थे।

सांसद विवेक तन्खा और परिजनों ने की थी सीबीआई जाँच की माँग
सांसद विवेक तन्खा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई से जांच कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया था। ट्विशा शर्मा के परिजन लगातार मामले की जांच मध्यप्रदेश से बाहर की एजेंसी से कराने की मांग कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में करवाने की भी मांग उठाई थी। अब राज्य सरकार की ओर से सीबीआई जांच की सिफारिश किए जाने के बाद मामले में नए खुलासों और निष्पक्ष जांच की उम्मीद बढ़ गई है।

पूर्व जज और बेटे पर दर्ज हुआ मामला
मामले में पुलिस ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज प्रताडऩा सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। फिलहाल गिरिबाला सिंह जमानत पर हैं, जबकि समर्थ सिंह फरार बताए जा रहे हैं।
ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा होगा पोस्टमार्टम
हाईकोर्ट ने निर्देश पर एम्स के डॉक्टर आएंगे भोपाल
जबलपुर (जय लोक)। ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। शव अभी भोपाल एम्स में रखा हुआ है। हाईकोर्ट ने निर्देशित किया है कि दिल्ली एम्स की निगरानी में उसके शव का पोस्टमार्टम करवाया जाए। विशेष विमान से दिल्ली से डॉक्टर भोपाल आएंगे । मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम करने का आदेश दिया है।
हाई कोर्ट ने दिल्ली से एक्सपर्ट को भोपाल भेजने के निर्देश दिए। वहीं सरकार की ओर से महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कहा दोबारा पोस्टमार्टम से कोई आपत्ति नहीं होने की बात कोर्ट में कही थी.कोर्ट ने ट्विशा के शव को भोपाल एम्स में -80 डिग्री सेल्सियस तापमान पर सुरक्षित रखने को भी कहा है। सुनवाई के दौरान मुख्य आरोपी समर्थ सिंह के वकील ने अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली और उन्होंने कोर्ट को बताया कि उनका मुवक्किल निचली अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने के लिए तैयार है।
Author: Jai Lok







