Download Our App

Home » News » ईद-उल-अज़हा पर मस्जिदों और ईदगाहों में हुई विशेष नमाज

ईद-उल-अज़हा पर मस्जिदों और ईदगाहों में हुई विशेष नमाज

अफवाहों से बचें और आपसी सौहार्द बनाए रखें-मुफ्ती-ए-आजम

जबलपुर (जयलोक)। ईद-उल-अज़हा का पर्व आज पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है इसके साथ ही शहर की विभिन्न मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज़ अदा की गई। ईद-उल-अज़हा इस्लाम में त्याग, समर्पण और कुर्बानी का प्रतीक माना जाता है।
इस्लामी मान्यता के अनुसार हज़रत इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने अल्लाह के आदेश पर अपने पुत्र हज़रत इस्माईल अलैहिस्सलाम की कुर्बानी देने का संकल्प लिया था। उनकी इसी आज्ञाकारिता और समर्पण की याद में मुसलमान ईद-उल-अज़हा पर कुर्बानी करते हैं और अल्लाह के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हैं। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। घरों में विभिन्न प्रकार के पकवान बनाए गए और लोगों ने अपने मित्रों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों का स्वागत कर त्योहार की खुशियां बांटीं।

ईद की प्रमुख नमाज रानीताल ईदगाह में हुई यहां मध्यप्रदेश के मुफ्ती-ए-आजम हजरत मौलाना डॉ. मुशाहिद रजा कादरी ने नागरिकों को संबोधित करते हुए शांति, शालीनता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
इस धार्मिक आयोजन में नायब मुफ्ती-ए-आजम सूफी जियाउल हक कादरी बुरहानी, हाफिज मोहम्मद ताहिर साहब, मौलाना सुल्तान अहमद साहब, हाफिज काजी अमीर अशरफ  हुसैनी मियां, हाफिज सादिक मिस्बाही, सुल्तान अहमद कादरी साहब और मौलाना हैदर मेहदी साहब ने अलग-अलग स्थानों पर नमाज की कयादत की।

 

ईदगाहों में नमाजियों का जनसैलाब
शहर के सभी प्रमुख उपासना स्थलों पर सुबह से ही नमाजियों की भीड़ देखने को मिली। रानीताल ईदगाह, मोमिन ईदगाह गोहलपुर, ईदगाह सदर बाजार, गढ़ा ईदगाह, मंडी मदार टेकरी जामा मस्जिद, आगा मोहम्मद साहब की दरगाह, शिया जामा मस्जिद फूटाताल और सुब्हानिया मस्जिद सहित शहर की अन्य छोटी-बड़ी मस्जिदों में अकीदतमंदों ने कतारबद्ध होकर नमाज अदा की। नमाजियों ने सामूहिक रूप से हाथ उठाकर देश की तरक्की और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की प्रार्थना की।

तैनात रहा पुलिस बल
पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल हर जगह मुस्तैद दिखाई दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख ईदगाहों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए।

देर रात तक चलती रही बकरों की खरीदी
कुर्बानी के लिए देर रात तक बकरों की खरीदी चलती रही। जिसमें 20 हजार से लेकर 50 हजार तक की कीमत रखी गई। ईद को लेकर शहर के गोहलपुर, मंडी मदार टेकरी, चांदनी बाजार, आगा चौक में देर रात तक बकरों की खरीद-फरोख्त का दौर चलता रहा।

राहुल गांधी का सियासी अंदाज बदला तीन राज्यों में फैसलों में दिखी दबंगई

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » ईद-उल-अज़हा पर मस्जिदों और ईदगाहों में हुई विशेष नमाज

Top Headlines

Live Cricket