
जबलपुर (जय लोक)। कई गंभीर मामलो में फंसे पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी को आखिरकार कल क्राईम ब्रांच और बरेला पुलिस की टीम ने बरेला थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया है। पूर्व तहसीलदार की कल रात थाने में ही कटी। वहीं आज विवेक त्रिपाठी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जिसके बाद कोर्ट तय करेगी कि पूर्व तहसीलदार को बेल मिलेगी या फिर जेल भेजा जाएगा। बरेला थाना प्रभारी शुभम सिंह ठाकुर का कहना है कि विवेक त्रिपाठी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि राजस्व संबंधी गंभीर अनियमितताओं, जमीन नामांतरण में बड़े पैमाने पर की गई गड़बडिय़ों और कानूनी विवादों में नाम सामने आने के बाद से ही पुलिस प्रशासन ने उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी थी। हाल ही में सुकून होटल प्रकरण के उजागर होने के बाद उनके खिलाफ चल रही जाँच और कानूनी शिकंजे को और अधिक तेज कर दिया गया था। जाँच एजेंसियां उनके खिलाफ पद के दुरुपयोग और नियमों को ताक पर रखकर किए गए अवैध निर्णयों को लेकर काफी समय से पुख्ता सबूत और साक्ष्य जुटाने में लगी थीं। इसी दौरान क्राइम ब्रांच को विवेक त्रिपाठी के बरेला में होने की पुख्ता सूचना मिली, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस के आला अधिकारी विवेक त्रिपाठी को थाने लाकर पूछताछ कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी काफी समय से पुलिस और जांच एजेंसियों की रडार पर चल रहे थे। उन पर राजस्व विभाग में एक जिम्मेदार पद पर पदस्थ रहते हुए बड़े पैमाने पर वित्तीय और प्रशासनिक गड़बडिय़ाँ करने के अत्यंत गंभीर आरोप लगे हैं। विशेषकर जमीन के नामांतरण से जुड़े मामलों में स्थापित सरकारी नियमों की अनदेखी करके मनमाने फैसले लेने और अपने पदीय अधिकारों का गलत इस्तेमाल करने के मामलों में पुलिस लगातार साक्ष्य जमा कर रही थी।
इसी बीच क्राइम ब्रांच को कुछ ठोस जानकारी मिली जिसमें विवेक त्रिपाठी के बरेला में होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और बरेला पुलिस सतर्क हुई और विवेक त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया गया।


राहुल गांधी का सियासी अंदाज बदला तीन राज्यों में फैसलों में दिखी दबंगई
Author: Jai Lok






