
बीच बचाव करने वाले को भी मारा चाकू
जबलपुर (जय लोक)। अधारताल के आगे सुहागी क्षेत्र में क्रिकेट खेल रहे बच्चों के साथ आसामाजिक तत्वों ने मारपीट करते हुए जानलेवा हमला किया। बदमाशों की मारपीट से बच्चों को गंभीर चोटें पहुँची हैं। इतना ही नहीं बीच बचाव करने वाले लोगों पर बदमाशों ने चाकू से हमला भी किया। यह पूरी घटना खेल मैदान के पास बने मंत्रालय होटल संचालक की मिलीभगत से हुई है।
जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय और हनुमान मंदिर के ठीक बाजू में अवैध रूप से संचालित चाय मंत्रालय नाम की दुकान के संचालकों और वहां मौजूद गुंडों ने खेल रहे बच्चों को निशाना बनाया। इस दौरान आरोपियों ने मैदान पर मौजूद 9 वर्ष के बालक ओम विश्वकर्मा पर सीधे कांच का गिलास दे मारा। मासूम बच्चे को पिटता देख जब स्थानीय निवासी जित्तू साहू फौरन बीच-बचाव करने पहुंचे, तो बदमाशों ने उन पर भी धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस अचानक हुए हमले में बालक ओम और जित्तू साहू दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे मैदान में चीख-पुकार मच गई। दोनों घायलों को नाजुक हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चे रोजाना की तरह हनुमान मंदिर के पास मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे।

इसी बीच खेल के दौरान बच्चों की गेंद पास में ही अवैध अतिक्रमण कर बनाई गई चाय की दुकान की तरफ चली गई। इसी सामान्य सी बात पर दुकान पर मौजूद असामाजिक तत्व भडक़ गए और उन्होंने बच्चों को घेरकर उन पर पत्थरों और कांच के बर्तनों से हमला बोल दिया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस अवैध दुकान पर चौबीस घंटे अपराधियों का डेरा रहता है, जिससे राहगीरों और बच्चों का निकलना दूभर हो गया है। सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।

करते हैं शराबखोरी
बताया जा रहा है कि जिस जगह पर बच्चे क्रिकेट खेलते हैं वहां पर बदमाशों का डेरा जमा रहता है। रात के अंधेरे में जमकर शराबखोरी और अवैध काम किए जाते हैं। क्रिकेट मैदान के चारों ओर पड़ी शराब की बोतलें इसका उदाहरण है। बच्चों को पीटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
Author: Jai Lok






