
8 दोपहिया वाहन खाक, परिवार ने छज्जा तोडक़र बचाई जान
जबलपुर (जयलोक)। घनी आबादी वाले मिलौनीगंज इलाके में शुक्रवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। रूपरानी के बाड़े में लगी आग देखते ही देखते इतनी भीषण हो गई कि कई घर और बाहर खड़े वाहन इसकी चपेट में आ गए। हादसे में करीब 8 दो पहिया वाहन जलकर राख हो गए, जबकि घरेलू सामान और अन्य संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक देर रात अचानक आग भडक़ उठी। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। कुछ ही मिनटों में आग ने आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। वाहनों के टायर फटने और धमाकों जैसी आवाजों से पूरा मोहल्ला दहल उठा। धुएं और आग की ऊंची लपटों को देखकर लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।

देर रात दो बजे भडक़ी आग
मिलौनीगंज में देर रात दो बजे बिजली के तारों ने आग भडक़ा दी। जिस दौरान यह घटना हुई उस समय इलाके के लोग गहरी नींद में सो रहे थे। तभी बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भडक़ उठी। आग ने तेजी से घरों के बाहर खड़े वाहनों और सामानों को अपनी चपेट में ले लिया। पेट्रोल की टंकियों और टायरों में हुए विस्फोटों की आवाज सुनकर लोग अपने अपने घरों से बाहर निकले। बाहर का नजारा देखा तो बाहर वाहनों में आग लगी हुई थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना नामुमकिन हो गया।

सकरी गलियों ने बढ़ाई मुश्किल
देर रात हुए इस हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल वाहन घटना स्थल की ओर रवाना हुए। लेकिन सकरी गलियां होनेे के कारण वाहन घटना स्थल पर नहीं पहुँच पा रहे थे। दमकल कर्मियों को घटना स्थल तक पहुँचने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। दमकल कर्मियों ने 8 वाहनों से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद चारों ओर धुआं ही धुआं था वहीं वाहन पूरी तरह से जल चुके थे।


लाखों का नुकसान
इस अग्रिहादसे में कई वाहन जले वहीं घरों के बाहर रखा कीमती सामान, फर्नीचर भी जला। जिससे लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। राहत की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और बिजली विभाग की टीमें संयुक्त रूप से हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। इस अग्निकांड में दीपिका गुप्ता, उमाशंकर सोनी, राजेश ठाकुर, ब्रजेश श्रीवास्तव और रिंकू रैकवार सहित अन्य स्थानीय निवासियों के घरों के बाहर खड़े 8 वाहन जलकर खाक हो गए।
मकान का छज्जा तोडक़र निकला परिवार
आग की लपटों ने एक मकान को चारों तरफ से घेर लिया था, जिससे उसके भीतर मौजूद लोग अंदर ही फंस गए। दम घुटने और जान पर संकट आता देख परिवार के सदस्यों ने सूझबूझ दिखाई और मकान की छत का छप्पर तोडक़र बाहर निकले। समय रहते बाहर आने से उनकी जान बच सकी। वहीं आग से बचने के लिए यहां रहने वाले परिवारों ने सुरक्षित स्थान पर जाकर अपनी जान बचाई।
डेढ़ सौ करोड़ के मालिक पूर्व आरक्षक ने हाईकोर्ट में दायर की जमानत याचिका
Author: Jai Lok






