
जबलपुर (जयलोक)। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग द्वारा आयोजित की गई बैठक में नगर निगम के ठेका सफाई कर्मियों से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।

जिसमें नगर निगम के अधिकारियों ने आयोग के सदस्य को भरोसा दिलाया कि ठेका कर्मचारियों के साथ किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है साथ ही उन्हें समय पर व पूरा वेतन दिया जा रहा है। इतना ही नहीं कर्मियों को अगर कोई परेशानी होती है तो इस पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाही भी की जाएगी। दरअसल राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो कल शहर आए थे।

इस दौरान उन्हें नगर निगम के ठेका सफाई कर्मियों को ठेकेदार द्वारा समय पर वेतन ना दिए जाने और उचित वेतन ना दिए जाने की शिकायत मिली थी। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त देवेन्द्र चौहान और स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन भी मौजूद रहीं। जिसमें उन्होंने पूरी स्थिति से आयोग के सदस्य को अवगत कराया। अंकिता बर्मन ने बताया कि आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो को यह बताया गया कि नगर निगम में किसी भी सफाई ठेका कर्मियों के वेतन में लापरवाही नहीं बरती जा रही है। सफाई ठेकेदार को भी इस बात की हिदायत दी गई है कि वे समय पर कर्मियों को वेतन दें साथ ही जितना वेतन तय हुआ है वह पूरा वेतन सफाई कर्मियों को दिया जाए। इतना ही नहीं इस प्रकार की शिकायतें सामने आने के बाद जाँच कर उचित कार्रवाही भी की जाएगी। बैठक में महिला बाल विकास, पुलिस सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Author: Jai Lok






