
जबलपुर (जय लोक)। जबलपुर-दमोह मार्ग पर आज सुबह एक हादसे में एक परिवार बाल बाल बच गया। यहां कृषि दवाईयों से भरा ट्रक बीच रास्ते में अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक आगरा से रायपुर जा रहा था। यह हादसा ग्राम झगरा के पास सुबह 5 बजे के करीब हुआ। बताया जा रहा है कि हादसा सामने से आ रहे डंपर से बचने के दौरान हुआ। जिसमें चालक ने ट्रक को दूसरी ओर मोड़ दिया और ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। वहीं ट्रक अनियंत्रित होकर एक परिवार के मकान से कुछ दूरी पर पलटा जिससे परिवार के लोग बाल बाल बच गए।
बेलखाडू थाना अंगर्तत ग्राम झगरा में आज सुबह आगरा से रायपुर की ओर कृषि दवाइयां लेकर जा रहा एक ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीबी 9595 सामने से आ रहे डंपर को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गया और सडक़ किनारे पलट गया। सूचना मिलते ही बेलखाडू पुलिस मौके पर पहुँची और ट्रक को सडक़ से किनारे कराया। प्रारंभिक जांच के अनुसार चालक ने भारी वाहन को साइड देने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया था। यह ट्रक स्थानीय निवासी श्यामलाल बर्मन के मकान से महज कुछ फीट की दूरी पर जाकर पलट गया। गनीमत रही कि वाहन घर की दीवारों से नहीं टकराया, अन्यथा मकान के भीतर सो रहे बर्मन परिवार के कई सदस्य इस गंभीर हादसे का शिकार हो सकते थे। घटना में ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं और वह पूरी तरह सुरक्षित है।

लोगों का कहना है कि सुबह तडक़े जब वे टहल रहे थे तब यह हादसा देखा।
तेज आवाज के साथ यह वाहन उनके मुख्य दरवाजे के पास जाकर पलट गया। ट्रक में कृषि से संबंधित रासायनिक दवाइयां लोड होने के कारण ग्रामीणों में अनहोनी को लेकर काफी देर तक चिंता बनी रही। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।

पहले भी हुआ हादसा
ग्रामीणों का कहना है कि दो दिनों में यह दूसरी घटना है। इसके पहले भी दो दिनों पूर्व एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रूट पर भारी वाहनों की संख्या बहुत ज्यादा है और चालक बेहद तेज रफ्तार में गाडिय़ां चलाते हैं।


Author: Jai Lok






