
स्वागत में कैबिनेट ने खड़े होकर बजाईं तालियाँ
प्रधानमंत्री का 4399 दिन का कार्यकाल, कांग्रेस बोली- यह संदिग्ध उपलब्धि
नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने आज 10 जून को सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। मोदी ने 26 मई 2014 को पीएम पद की शपथ ली थी। आज उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू के पास था। वे 4398 दिनों तक इस पद रहे। मोदी का पीएम के तौर पर यह लगातार तीसरा कार्यकाल है। दोपहर 12.30 बजे केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रियों ने पीएम मोदी के स्वागत में खड़े होकर तालियां बजाईं। साथ ही एक विशेष प्रस्ताव भी पारित किया। पीएम मोदी की इस उपलब्धि पर भी पूरे देश में एनडीए और भाजपा के नेता, सांसद, केंद्रीय मंत्री मंदिरों में पूजा कर रहे हैं, हवन कर रहे हैं।
वहीं, मोदी के रिकॉर्ड पर कांग्रेस ने कहा- यह खुद से घोषित और संदिग्ध तरीके से गढ़ी गई उपलब्धि है। मोदी भारत के गले में ‘चक्की का पत्थर’ बन गए हैं। उनके कार्यकाल में लोकतंत्र की हत्या हो रही है।

दरअसल, 15 अगस्त 1947 को देश के आजाद होने के बाद जवाहर लाल नेहरू को प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था। वे 15 अगस्त 1947 से 13 मई 1952 तक कुल 1732 दिन पीएम रहे।
इसके बाद 1952 में देश में पहला आम चुनाव हुआ। कांग्रेस सत्ता में आई। संसदीय दल ने नेहरू को अपना नेता चुना। इसके बाद नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार निर्वाचित पीएम रहे। इस कार्यकाल 4398 वें दिन का रहा था। इस तरह निर्वाचित पीएम के तौर पर मोदी नेहरू से आगे निकल गए हैं।

दोपहर 3 बजे दिल्ली में एनडीए संसदीय दल की बैठक
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर बुधवार को आज दोपहर 3 बजे एनडीए की अहम बैठक होगी। भारत मंडपम में होने वाली बैठक में भाजपा और एनडीए शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों के सीएम, डिप्टी सीएम, समेत प्रमुख नेता शामिल होंगे।
बैठक में मोदी के इस रिकॉर्ड पर बधाई प्रस्ताव पारित होगा। इसके साथ ही विकसित भारत-2047 के रोडमैप, केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, विकास परियोजनाओं, ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।


मोदी भारत के गले में ‘चक्की का पत्थर’-कांग्रेस
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मोदी ने भले ही एक रिकॉर्ड पार किया हो, लेकिन वह देश के लिए माइल्स्टोन की जगह मिलस्टोन जैसा बोझ हैं। मोदी सरकार के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हुई हैं और आधुनिक भारत के निर्माण में जवाहरलाल नेहरू की भूमिका को मिटाने की कोशिश की जा रही है। जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा- जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त 1947 को प्रधानमंत्री बने थे और उनके नेतृत्व में आधुनिक भारत की बुनियाद रखी गई। उन्होंने कहा कि 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय हुआ, संविधान बना, जमींदारी प्रथा खत्म हुई और एससी-एसटी आरक्षण लागू किया गया। रमेश के मुताबिक इसी दौर में बड़े सिंचाई और बिजली प्रोजेक्ट शुरू हुए, विज्ञान और तकनीक का ढांचा तैयार किया गया और भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने यह भी कहा कि 17 करोड़ मतदाताओं की सूची तैयार कर देश में पहला आम चुनाव कराया गया।
Author: Jai Lok






