
शिकायत पर कार्रवाही ना होने से था नाराज, अस्पताल में भर्ती
जबलपुर (जयलोक)। आम लोगों को सुरक्षा और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा समय समय पर थाना प्रभारियों की बैठक लेकर इन संबंध में दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। लेकिन बैठक से निकलते ही थानों में पदस्थ पुलिस अधिकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों को भूल रहे हैं। जिसका ताजा उदाहरण आज माढ़ोताल थाने के सामने नजर आया। यहां शिकायत के बाद भी कार्रवाही ना होने से नाराज पीडि़त युवक ने माढ़ोताल थाने के सामने ही खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया, वहां उपस्थित लोगों ने किसी तरह उसे रोका और पुलिस के द्वारा उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि पीडि़त युवक का नाम गंगाराम है जो प्रभात नगर का रहने वाला है। वह कई दिनों से अपनी शिकायत लेकर माढ़ोताल थाने के चक्कर काट रहा था। कार्रवाही ना होने से पीडि़त के सब्र का बाँध टूट गया और उसने आत्मदाह करने की ठान ली। आज सुबह 12 बजे युवक माढ़ोताल थाने के सामने पहुँच गया और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली, मौके पर उपस्थित लोगों ने किसी तरह उसके शरीर में लगी आग को बुझाया, कंबल डाला और पुलिसकर्मियों ने उसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है। इस घटना में पीडि़त युवक झुलस गया है जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

काफी देर तक बैठा रहा चाय की दुकान पर
पुलिस कर्मियों ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जाँच की तो उसमें पता चला कि गंगाराम काफी देर तक थाने के सामने बनी चाय की दुकान पर बैठा रहा। वहां से उठा और बीच सडक़ पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। हालांकि युवक किस परेशानी से जूझ रहा था इसका पता अभी नहीं चल सका है।


ऊपरी हिस्सा जला
इस घटना में पीडि़त युवक के शरीर का ऊपरी हिस्सा झुलस गया है जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि गंगाराम आज पहली बार थाने आया था। इसके पूर्व वह कोई शिकायत लेकर थाने नहीं पहुँचा। इस दौरान खास बात यह रही कि थाने के सामने यह सब घटनाक्रम होता रहा लेकिन पुलिसकर्मी समय पर युवक को रोक नहीं पाए।
परिवार से हो रही पूछताछ
पुलिस अब पीडि़त युवक के परिवार से भी पूछताछ कर रही है ताकि उसके द्वारा उठाए गए इस कदम की जानकारी मिल सके। हालांकि पीडि़त की हरकत देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह किसी समस्या से काफी दिनों से परेशान चल रहा था और अपनी शिकायत लेकर कई बार थाने पहुँचा था। लेकिन पुलिस अधिकारी इस बात को मानने से इंकार कर रहे हैं।
इनका कहना है
एक युवक ने थाने के सामने पेड्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। जिससे वह झुलस गया। उसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया है। युवक किन कारणों से परेशान है इसकी जाँच की जा रही है।
बीएस गौठरिया, सीएसपी
स्वतंत्रता सेनानी जवाहर दर्डा के जन्म दिवस पर आयोजित हुआ अलंकरण समारोह
Author: Jai Lok






