
खरदौनकलां गांव के खेत में बने कुएं से सड़े-गले शव मिलने से हडक़ंप
प्रारंभिक जांच में कुत्ते से बचने के दौरान हिरणों के गिरने की आशंका
वन विभाग को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शुजालपुर/भोपाल (जयलोक)। शाजापुर जिले के शुजालपुर अनुभाग की कालापीपल तहसील स्थित खरदौनकलां गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक खेत के कुएं से 13 हिरणों और एक आवारा कुत्ते के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
रविवार को खेत मालिक के परिजन फसल पर कीटनाशक का छिडक़ाव करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें कुएं की तरफ से तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो अंदर बड़ी संख्या में सड़े-गले शव दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर उन्होंने तुरंत गांव के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मामला पूरे गांव में फैल गया और सरपंच के माध्यम से पुलिस तथा वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हिरणों का झुंड किसी आवारा कुत्ते से बचने के दौरान भागते हुए कुएं में गिर गया। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
विकास कार्य में नहीं चलेगी सुस्ती, करना होगा संतोषजनक निराकरण-निगमायुक्त
Author: Jai Lok






