
जबलपुर (जय लोक)। मदन महल अंडरब्रिज के पास आज दोपहर को एक हादसे ने भगदड़ मचा दी। यहां अंडरब्रिज से गुजर रही इलेक्ट्रिक कार में अचानक आग भडक़ उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को कब्जे में ले लिया। इसी बीच कार में तेज धमाका भी हुआ।

जिससे दहशत मच गई। बताया जा रहा है कि यहां रोज की तरह वाहनों का आवागमन चालू था। तभी एक इलेक्ट्रानिक कार यहां से गुजरी और ब्रिज के बीच में बंद हो गई। कार से अचानक धुआँ निकलने लगा और तेज धमाके के साथ कार में आग लग गई। कार में आग लगती देख कार चालक तुरंत उतरकर बाहर की ओर भागा जिससे उसकी जान बच सकी। कार में आग लगती देख वाहन चालक भी वाहन छोडक़र यहां वहां भागने लगे। इसी बीच लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास भी किया।

लेकिन धमाके की आवाज सुनकर सभी पीछे हट गए। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि तो नहीं हुई है लेकिन घंटों यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही नगर निगम के दमकल कर्मी मौके पर पहुँचे और कार में लगी आग को बुझाकर स्थिति सामान्य की। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार में आग लगने के कुछ देर बाद ही धमाकों जैसी आवाजें आने लगीं। इन धमाकों के कारण मदन महल अंडरब्रिज के नीचे गूंज पैदा हो गई, अनहोनी की आशंका को देखते हुए चालकों ने अपने वाहन पीछे कर लिए और दोनों ओर से यातायात को रोककर सुरक्षित दूरी बना ली। घटना से यहां का यातायात घंटों प्रभावित हुआ। प्रारंभिक तौर पर इलेक्ट्रिक कार की बैटरी में शार्ट सर्किट या ओवरहीटिंग को आग का मुख्य कारण माना जा रहा है।


Author: Jai Lok






