
पिकनिक से लौट रहे छह दोस्तों को अज्ञात हाईवा ने कुचला, चार की मौत, दो जिंदगी से जूझ रहे, परिजनों ने रेत कारोबार से जुड़े विवाद में हत्या की जताई आशंका, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
नरसिंहपुर / जबलपुर (जय लोक)। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-45 पर सुआतला थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर के पास शनिवार शाम हुई भीषण घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली नजर में सडक़ हादसा प्रतीत हो रही इस घटना को लेकर मृतकों के परिजन और उनसे जुड़े लोग इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं। उनका दावा है कि चार युवकों की मौत के पीछे रेत कारोबार से उपजा पुराना विवाद हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं पर जाँच की बात कही है।
जानकारी के अनुसार जबलपुर निवासी छह युवक हाथी नाला वॉटरफॉल से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो हाईवे के किनारे रोककर सेल्फी लेना शुरू किया। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा उनकी ओर बढ़ा और सभी को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कई फीट दूर जा गिरे।

हादसे में राजेंद्र पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि वीरेंद्र लोधी (20 वर्ष) निवासी ग्राम पावला तथा जयपाल लोधी (30 वर्ष) निवासी बरपटी ने जबलपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। आकाश लोधी (24 वर्ष) और नीरज लोधी (25 वर्ष) निवासी बरपटी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर में जारी है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर गंभीर संदेह जताया है। उनका कहना है कि यह केवल लापरवाही से हुई दुर्घटना नहीं, बल्कि रेत कारोबार से जुड़े विवाद का परिणाम हो सकता है। क्षेत्र में पावला घाट को रेत आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है और इसी वजह से विभिन्न तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने भी इस संबंध में कोई निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया है।

सुआतला थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान के साथ-साथ घटना के कारणों की भी गहराई से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी आपराधिक साजिश या विवाद के प्रमाण सामने आते हैं तो उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
चार युवकों की एक साथ मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि यह मामला महज सडक़ दुर्घटना साबित होता है या फिर इसके पीछे किसी सुनियोजित आपराधिक साजिश का खुलासा होता है।


संजय पाठक परिवार से 1000 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोपी महेन्द्र गोयनका गिरफ्तार
Author: Jai Lok






