
जबलपुर (जय लोक)। इस बार का जिला अधिवक्ता संघ चुनाव कई मायनों में चर्चाओंं और सुर्खियों में बना हुआ है। समाज में महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के द्वारा मुख्य चुनाव में दावेदारी के कई उदाहरण पहले भी देखे जा चुके हैं। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में भी महिलाओं की भूमिका उभर कर सामने आ रही है। अधिवक्ता ज्योति राय पूर्व में दो बार जिला अधिवक्ता संघ में उपाध्यक्ष के पद पर रह चुकीं हैं।

इस बार वे जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के रूप में मैदान में दावेदारी कर रहीं हैं। इसके पूर्व में अधिवक्ता ज्योति राय ने स्टेट बार के चुनाव में भी अपनी दावेदारी की थी लेकिन जिला अधिवक्ता संघ में पदाधिकारी होने के कारण ज्योति राय का नामांकन अन्य अधिवक्ताओं की निरस्त हो गया था। अपने प्रचार प्रसार और चुनावी मेल मुलाकात के दौरान अधिवक्ता ज्योति राय इस बात का स्पष्ट रूप से दावा कर रही हैं कि वह महिला होने के नाते अधिवक्ता साथियों के हितों के लिए संघर्ष करने में कभी पीछे नहीं रहेंगी। अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। न्यायिक सुविधाओं का विस्तार, युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रशिक्षण, संघ की पारदर्शिता जैसे विषयों पर वे काम करने का वादा कर रही हैं। अधिवक्ता ज्योति राय ने अपने प्रचार के दौरान यह भी कहा है कि सडक़ों की लड़ाई हो या थानों का संघर्ष अधिवक्ता साथियों को जरूरत पडऩे पर वे मैदान में उतरने के लिए घड़ी नहीं देखेंगी। प्रत्याशी ज्योति राय अपनी कैंपेनिंग के दौरान इस बात का दावा करती हैं कि उनके पूर्व के कार्यकाल में किए गए कार्य और अधिवक्ता साथियों के लिए रात 1:00 बजे भी जरूरत पडऩे पर थाने में पहुंचकर उनके साथ में संघर्ष करने के मामले सभी ने देखे हैं।

उनके समर्थकों के द्वारा यह दावा किया जा रहा है कि जिला अधिवक्ता संघ के अभी तक के इतिहास में यह पहली बार है जब जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पद के लिए किसी महिला प्रत्याशी ने अपनी दावेदारी ठोकी है।


उनके समर्थकों का कहना है कि अध्यक्ष पद की प्रत्याशी के रूप में ज्योति राय ने पिछले मतदान के दौरान अन्य नेताओं के खिलाफ पुरजोर तरीके से आवाज उठाई थी। वे सभी अधिवक्ता साथियों के साथ और उनके हित में कार्य करने के लिए अध्यक्ष पद के दावेदार के रूप में प्रत्याशी बनकर उनके बीच उपस्थित हैं। इस बार के जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में महिला प्रत्याशियों के रूप में विभिन्न पदों पर कई महिला वकील मैदान में है।
Author: Jai Lok





