
जबलपुर (जय लोक)। लंबे समय से फरार घूम रहे गुंडे, बदमाशों और अपराधियों को पकडऩे के लिए पुलिस ने कल रात काम्बिंग गश्त अभियान चलाया। जिसमें बड़ी सफलता मिली और एक ही रात में 229 अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा शहर में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं अपराधों की रोकथाम हेतु गुंडे, बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध उनके आपराधिक रिकार्ड को दृष्टिगत रखते हुए प्रतिदिन प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कराई जा रही है। इसी कड़ी में अपराधियों, बदमाशों को पकडऩे के लिए कल रात काम्बिंग गश्त का आदेश मिलते ही पुलिस अधिकारी और कर्मचारी बदमाशों को पकडऩे रात में शहर की सडक़ों पर तैनात रहे। वहीं गली मोहल्लों और घरों में भी पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों ने दबिश दी। जिसके परिणाम स्वरूप 229 बदमाशों को एक ही रात में गिरफ्तार किया गया।

कॉम्बिग गश्त के दौरान वारंटी एवं लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु शहर एवं देहात के थानों में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीमें बनाई गईं, एक टीम के प्रभारी थाना प्रभारी स्वयं थे, अन्य टीम के प्रभारी उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी थे।

टीमों के द्वारा दबिश देते हुए कॉम्बिंग गश्त के दौरान कई वर्षों से फरार 108 गैर म्यादी वारंटियों एवं 74 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए तथा 47 जमानती वारंट भी तामील किए गए हैं। अधिकांश आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। अवैध शराब कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश देते हुये 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर 51 लीटर कच्ची तथा 116 पाव देशी/अंग्रेजी शराब जप्त की गयी है। इसके साथ ही कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे बदमाशों को चेक करते हुए देर रात आने जाने वालों से रोक-टोक पूछताछ एवं रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड के साथ-साथ मुसाफिरखाना में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों की चेकिंग की गई।


Author: Jai Lok





