
सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने भी की मुलाकात
नई दिल्ली/एजेंसी (जयलोक)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के अंतिम दिन बुधवार को भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सुबह करीब नौ बजे शुरू हुए जनता दरबार में राहुल गांधी ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। गेस्ट हाउस के बाहर लोगों की लंबी कतार लगी रही। सुरक्षा व्यवस्था के तहत लोगों को एक-एक कर अंदर प्रवेश दिया गया। जनता दरबार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी देखने को मिली।
सपा नेताओं ने राहुल गांधी के सामने स्थानीय और क्षेत्रीय मुद्दे रखे। इससे रायबरेली में कांग्रेस और सपा के बीच राजनीतिक समन्वय की तस्वीर सामने आई। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव अखिलेश माही ने राहुल गांधी से मुलाकात कर वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए रायबरेली के राजेंद्र यादव के नाम पर स्मारक और चौराहा बनवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करते हुए शहीद हुए राजेंद्र यादव के नाम पर अब तक जिले में प्रतिमा या स्मारक नहीं बनाया गया है। माही के अनुसार, राहुल गांधी ने उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा और भाजपा को कड़ी चुनौती दी जाएगी।
जनता दरबार में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। रायबरेली महिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मी सिन्हा ने राहुल गांधी को राखी बांधी और तिलक लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटे हैं। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने भी राहुल गांधी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की कुर्बानियों को संरक्षित करने तथा मुंशीगंज शहीद स्मारक के अधूरे सौंदर्यीकरण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की।
सर्राफा कारोबारियों ने उठाया जीएसटी का मुद्दा- राहुल गांधी के दौरे के दौरान मंगलवार रात सर्राफा कारोबारियों के साथ हुई बैठक भी चर्चा में रही। प्रभु टाउन में कारोबारी फाना त्रिवेदी के आवास पर हुई बैठक में व्यापारियों ने सोने-चांदी के कारोबार में करीब 50 प्रतिशत गिरावट का मुद्दा उठाया। कारोबारियों ने कहा कि इससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
Author: Jai Lok





