
यह तलाशी सीमापार से रची गई आतंकी साजिश की जाँच का हिस्सा
श्रीनगर। एनआईए ने आतंकी साजिश की जांच के सिलसिले में कश्मीर रीजन के अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी की है। सूत्रों ने बताया कि कुलगाम, बांदीपोरा और बारामूला जिलों में एजेंसी ने तलाशी अभियान चलाया है। सूत्रों के मुताबिक एनआईए ने कश्मीर में सात जगहों पर शनिवार सुबह तलाशी अभियान शुरू किया। कुलगाम जिले में दो, बांदीपोरा में तीन और बारामूला के सोपोर में 2 ठिकानों की तलाशी ली है।
सूत्रों ने कहा कि यह तलाशी सीमापार से रची गई कथित आतंकी साजिश की जांच का हिस्सा है, जिसमें पाकिस्तान में बैठे हैंडलर और स्थानीय ओवर ग्राउंड वर्कर शामिल थे। ओवर ग्राउंड वर्कर पर घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों की मदद करने का शक है। सूत्रों के मुताबिक ये तलाशी जकूरा पुलिस स्टेशन में दर्ज मुकदमे से जुड़ी हैं, जिसे बाद में एनआईए ने फिर से रजिस्टर किया था। तलाशी अभियान में एनआईए की टीमों को स्थानीय पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की टीमें मौजूद रहीं।
इससे जुड़े मामले में एनआईए ने 22 अगस्त को भी जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, कुपवाड़ा, अनंतनाग, पुलवामा और बडगाम में 10 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था।





