
जबलपुर (जय लोक)। नगर निगम में अपर आयुक्त द्वारा जारी राजस्व निरीक्षकों के तबादला आदेश को लेकर प्रशासनिक हलकों में सवाल उठने लगे हैं। आदेश के अनुसार संभाग क्रमांक 1 के प्रभारी राजस्व निरीक्षक इजराईल खान को संभाग क्रमांक 6 भेजा गया है, जबकि मुख्यालय में पदस्थ कैशियर मधुलिका चौधरी को संभाग क्रमांक 5 में प्रभारी राजस्व निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। तबादला आदेश में संभाग क्रमांक 5 में पहले से पदस्थ प्रभारी राजस्व निरीक्षक कोर्णाक रावत और संभाग क्रमांक 6 में कार्यरत अरविंद श्रीवास्तव के संबंध में कोई स्पष्ट निर्देश नहीं दिया गया है। ऐसे में आदेश के मुताबिक संभाग क्रमांक 5 और 6 में दो-दो प्रभारी राजस्व निरीक्षक की स्थिति बन गई है, जबकि संभाग क्रमांक 1 में कोई प्रभारी राजस्व निरीक्षक नहीं रह गया।
पुराने अधिकारियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
आदेश जारी होने के बाद नगर निगम के संभागीय कार्यालयों से लेकर मुख्यालय तक असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पहले से पदस्थ कोर्णाक रावत और अरविंद श्रीवास्तव को उनके वर्तमान दायित्व से हटाया गया है अथवा वे अपने पद पर बने रहेंगे। इस अस्पष्टता के कारण संबंधित संभागों में पदभार और कार्य-विभाजन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। निगम के कामकाज से जुड़े लोगों का कहना है कि पूवज़् से पदस्थ अधिकारियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट किए बिना नई पदस्थापना से प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
संभाग क्रमांक 1 में राजस्व संबंधी काम प्रभावित
संभाग क्रमांक 1 से इजराईल खान का तबादला संभाग क्रमांक 6 कर दिया गया, लेकिन उनकी जगह किसी अन्य राजस्व निरीक्षक की पदस्थापना नहीं की गई। इससे संभाग क्रमांक 1 में राजस्व निरीक्षक का पद रिक्त हो गया है। राजस्व वसूली, कर संबंधी कार्य, नामांतरण सहित अन्य मामलों के लिए संभागीय कार्यालय पहुंचने वाले नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब निगम प्रशासन द्वारा तबादला आदेश में संशोधन कर स्थिति स्पष्ट किए जाने का इंतजार है।

Author: Jai Lok






