
सरपंच ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर उजागर किया लाखों का फर्जीवाड़ा
जबलपुर (जयलोक)। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य पर लगने वाले बजट में सचिव और एक व्यापारी बंदरबाट कर रहे हैं। दोनों मिलकर विकास कार्यों की राशि में फर्जीवाड़ा कर लाखों का गबन कर रहे हैं। यह कहना है कि शहपुरा जनपद अंतर्गत आने वाले झलौन गांव की महिला सरपंच का। जिन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुँचकर इस फर्जीवाड़े को उजागर किया है। उन्होंने विकास कार्यों के नाम पर लाखों के गबन के आरोप सचिव और एक व्यापारी पर लगाए हैं।
महिला सरपंच लक्ष्मी बाई ने पंचायत सचिव पुष्पराज सिंह लोधी एवं एक स्थानीय व्यापारी संदीप जैन की मिलीभगत से निर्माण सामग्रियों के फर्जी बिल लगाने, वास्तविक व्यय से कई गुना अधिक राशि निकालने और विरोध करने पर धमकाने के आरोप लगाए हैं। महिला सरपंच का आरोप है कि अनपढ़ होने के कारण दोनों ने मोबाइल ओटीपी लेकर कागजात पर दस्तखत कराए। मामले का संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने इसे अत्यंत गंभीर श्रेणी का मामला माना और त्वरित जांच कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।
तैयार किए फर्जी बिल
महिला सरपंच का आरोप है कि ग्राम पंचायत में सीमेंट, गिट्टी और लोहे की आपूर्ति के नाम पर बड़े पैमाने पर खेल किया गया है। क्षेत्र में केवल एक बड़े फर्म संचालक के जरिए निर्माण सामग्री की खरीदी दर्शाई गई, जिसका धरातल पर हुए निर्माण से कोई सीधा तालमेल नहीं बैठता। इतना ही नहीं जिन सामग्री का उल्लेख बिल में किया गया है उसकी वास्तविक बाजार भाव की तुलना में कीमत कहीं ज्यादा है। वहीं जब महिला सरपंच ने पंचों के साथ मिलकर निर्माण स्थल पर सामग्री के मिलान का प्रयास किया तो सचिव ने वित्तीय अधिकार अपने हाथ में होने की धौंस दिखाया।
दबंगई दिखाकर अफसरों के नाम पर दी धमकी
महिला सरपंच का आरोप है कि सचिव उसे अधिकारियों की धौंस दिखाकर डराने का प्रयास कर रहा है। उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया जा रहा है। लगभग 4 वर्ष पूर्व एक ग्रामीण आयोजन में गोलीबारी की घटना सामने आई थी, जिसके बाद विभागीय निलंबन की कार्रवाई भी हुई थी। सचिव द्वारा इसी पुराने प्रभाव और रसूख के बूते गांव में दहशत का वातावरण बनाकर वित्तीय मनमानी चलाई जा रही है।
जनपद सीईओ को सौंपी गई जाँच
जिला कलेक्टर ने अब शहपुरा जनपद सीईओ को भौतिक सत्यापन और वाउचरों के ऑडिट का जिम्मा सौंपा है। जांच दल को निर्माण स्थल पर प्रयुक्त सामग्री के अनुपात, पोर्टल पर दर्ज वाउचरों तथा भुगतान प्रक्रिया में आए ओटीपी विवरण का सूक्ष्म परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

कांग्रेस ने तेज की चुनावी तैयारी, विस क्षेत्रों में जमीनी ताकत परखेगी पार्टी





