
जाँच के लिए 3 दिन का समय, पटवारियों की हड़ताल जारी
जबलपुर (जय लोक)। पटवारियों की हड़ताल के बीच कुंडम में एक महिला पटवारी ने एसडीएम पर अगवा करने के आरोप लगाए हैं उसका आरोप है कि एसडीएम ने उसे व उसके साथियों को अगवा कर जबरन प्रशासनिक कार्य कराने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं उससे उसका मोबाईल भी छीन लिया गया। जिसकी शिकायत कुंडम थाने में की गई है। लेकिन शिकायत में खास बात यह है कि शिकायतकर्ताओं ने अलग-अलग चार शिकायतें दीं लेकिन किसी में भी अपना मोबाईल नम्बर अंकित नहीं किया। जिससे पुलिस को उनसे संपर्क करने में परेशानी हो रही है। महिला पटवारी इशिता सोलंकी ने आरोप लगाया कि स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री का काम कराने के लिए उन्हें और उनके तीन साथी पटवारियों पर दबाव बनाकर तहसील कार्यालय ले जाया गया। यहां एसडीएम प्रगति गनवीर ने मोबाईल फोन लेकर उनकी निजी जानकारी देखी और नौकरी खत्म करने की धमकी दी। शिकायत में महिला पटवारी ने घटना में बंधक बनाने और मानसिक प्रताडऩा के आरोप लगाए हैं। जिसके बाद शनिवार को एसडीएम को कुंडम से हटाकर कलेक्ट्रेट में अटैच कर दिया गया है। इस मामले में चार लोगों ने अलग अलग शिकायतें कुंडम थाने में दी हैं। जिसकी पुलिस जाँच कर रही है।
नहीं मिला एक भी पटवारी- शिकायत को जांच में लेकर जब कुंडम पुलिस ने अपनी तफ्तीश शुरू की तो अब उन्हें वे पटवारी ही नहीं मिल रहे हैं जिन्होंने यह शिकायत दी थी।
कुंडम पुलिस का कहना है कि आज वे पटवारियों से पूछताछ करने कार्यालय गए थे लेकिन वहां पटवारी नहीं मिले। इतना ही नहीं किसी भी पटवारी ने अपना मोबाईल नम्बर शिकायत में अंकित नहीं किया जिससे उन्हें अब पटवारियों तक पहुँचने में भी परेशानी हो रही है।

कांग्रेस ने तेज की चुनावी तैयारी, विस क्षेत्रों में जमीनी ताकत परखेगी पार्टी





