नई दिल्ली (जयलोक)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा दी गई खुली बहस की चुनौती का जवाब न देने और वोट चोरी के आरोपों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। खड़गे ने प्रधानमंत्री के दिमागी नक्सल जैसे बयानों को वोट चोरी के आरोपों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया। खड़गे ने सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में चुनाव आयोग और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी घेरा। उन्होंने चुनाव आयोग पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और फॉर्म-6 को लेकर पांच बार अपना रुख बदलने का आरोप लगाया। गृह मंत्री अमित शाह के 3 करोड़ घुसपैठियों के दावे पर सवाल उठाते हुए खड़गे ने पूछा कि इतने साल तक गृह मंत्री रहते हुए भी वे अवैध घुसपैठ को क्यों नहीं रोक पाए।
उन्होंने संकेत दिया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग की मांग और दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई बड़ी वोट बचाओ रैली से प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह परेशान हैं। खड़गे ने प्रधानमंत्री को संसद में आकर पत्रकारों के सामने सवालों का जवाब देने और राहुल गांधी के साथ बहस करने की चुनौती भी दी। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशी ताकतों से संबंध और देश विरोधी होने के आरोपों पर खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री कोई भी जगह और मंच चुन सकते हैं, जहां मीडिया और देश के युवा भी मौजूद हों। राहुल गांधी ने सुझाव दिया कि इस बहस के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत को जज बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री को उनकी चुनौती दिए हुए 24 घंटे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। राहुल गांधी ने पहले आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी विदेशी ताकतों की मदद से प्रधानमंत्री बने और अब भी उन्हीं के सहारे सत्ता में बने हुए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि भारत की वित्तीय व्यवस्था को विदेशी ताकतों का समर्थन और नियंत्रण प्राप्त है।