
आपसी रंजिश, पुराना विवाद और नशा बना हत्या का कारण
हिंसा की ओर आकर्षित नई उम्र के युवा बर्बाद कर रहे अपनी जिंदगी
चाकूबाज जा रहे हत्या के प्रयास में जेल, अनाड़ी चाक़ूबाजों के हाथों अधिक खून बहने से हो रही मौतें
जबलपुर (जय लोक)। दीपावली की रात को जब पूरा शहर माँ लक्ष्मी श्री गणेश के पूजन के बाद पटाखे फोडक़र खुशियां मना रहा था तब घमापुर, गौरीघाट, गोरखपुर और चरगवां में मामूली सी बात को लेकर चले हथियार में पाँच लोगों की हत्याएं हो गईं। इन पाँचों हत्याओं के पीछे के कारण तलाशने पर एवं इन जघन्य वारदातों के पीछे की कहानी में आपसी रंजिश, पुराना विवाद और नशा तो मूल वजह निकलकर सामने आए हैं साथ ही संस्कारधानी के नए उम्र के युवाओं में जिनमें 15 साल से लेकर 22 साल तक के युवा शामिल हैं इनका हिंसा और अपराध के प्रति बढ़ रहा आकर्षण बहुत घातक है और यह इनकी जिंदगी बर्बाद कर रहा है। अनाड़ी चाकूबाज भले ही चाकूबाजी को एक सामान्य वारदात या चमकाने के उद्देश्य से की गई घटना मानकर हमला कर रहे हों लेकिन उनके द्वारा पैर में, जांघ पर या पु_े पर मारे जाने वाला चाकू का घाव कब अधिक रक्तरिसाव के कारण घायल की जान ले लेता है यह उन्हें समझ नहीं आता और मामला हत्या में तब्दील होकर वारदात करने वाले और उसके परिवार वालों का जीवन खराब कर देता है।

दूसरी ओर चाकूबाजी की घटना पर नकेल कसने के लिए पिछले कुछ समय से जबलपुर पुलिस भी बेहद सख्त है। चाकूबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वालों को सीधे हत्या के प्रयास में जेल भेजा जा रहा है। इनमें से कई मामले ऐसे हैं जिन्हें घायल की बाद में अधिक खून बहने के कारण अस्पताल में मौत हो गई और मामला हत्या में तब्दील हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने जयलोक से चर्चा करते हुए बताया कि अब ऐसे गुंडे बदमाशों से और सख्ती के साथ निपटने के साथ समस्त थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। हर थाने में अपराधिक पृष्ठभूमि वाले अपराधियों की गुंडा परेड की जाएगी। चाकूबाजी करने वालों को भी इसमें शामिल किया जाएगा
पाँच वारदातों में से कुछ हत्यारे तो पकड़े गए लेकिन कुछ अभी भी फरार हैं। मृतकों के घर में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
भाभी के सामने देवर की हत्या
ग्वारीघाट थाना के तहत आने वाले छिवला गांव में दो दिन पहले बच्चों के सामने गालियां देने का विरोध करने पर एक परिवार पर दबंगों का कहर बरपा। आपसी रंजिश के चलते सामुदायिक भवन के सामने खूनी झड़प में दबंगों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्वारीघाट पुलिस ने बताया कि मृतक की भाभी आशा ने रविवार को थाने पहुंचकर बताया कि नरू और बल्लू गुल्लू नामक युवक लगातार उल्टी-सीधी गालियां दे रहे थे, जिससे वहां मौजूद बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा था। जब आशा के देवर रंजीत ने आरोपियों को समझाने की कोशिश की कि वे घर के पास ऐसी भाषा का प्रयोग न करें तो आरोपी भडक़ गए। देवर की बात सुनकर आरोपी आपे से बाहर हो गए और उन्होंने गुस्से में आकर रंजीत को अपना निशाना बनाया। गाली-गलौज से शुरू हुआ यह मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दबंगों ने रंजीत पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
कांचघर में जुए के विवाद में दो हत्याएँ
कांचघर के हनुमानटोरिया में जुएं के विवाद में दो लोगों की जान चली गई। जुएं के दौरान उपजे विवाद में दो युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया गया। इसमें एक की घटनास्थल पर और दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है और सात आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। घमापुर पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कार्तिक चौधरी निवासी नई बस्ती और करन पासी के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक दीपावली की रात एक बजे जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान वहां जुआ खेल रहे प्रिंस और अर्पित से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मौके पर अन्य लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की थी लेकिन आरोपियों ने पहले कार्तिक और करन के साथ जमकर मारपीट की और फिर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में कार्तिक लहुलुहान होकर मौके पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौजूद लोग करन को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पत्नी की लाठी से पीटकर हत्या
चरगवां के भिडक़ी गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या की वजह पारिवारिक विवाद होना बताया है, जहां रात के समय पति-पत्नी का विवाद हुआ था और दूसरे दिन सुबह पत्नी की लाश घर से बाहर आई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम भिडक़ी में एक पारिवारिक विवाद ने 43 वर्षीय महिला की जिंदगी ही खत्म कर दी। पुलिस ने मृतिका की पहचान सुकर्ती बाई निवासी ग्राम भिडक़ी के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि रात के समय पति-पत्नी के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान पति नेमचंद भूमियां ने डंडे से पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण सुकर्ती बाई की मौत हो गई।
गोरखपुर में पुरानी रंजिश का बदला लेने हत्या
गोरखपुर के सेठीनगर में सोमवार को एक बदमाश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी को भी आपराधिक गतिविधियों से लिप्त बताया गया है। पुलिस ने मृतक की पहचान आदित्य बेन उर्फ अड्डू के रूप में की है। गोरखपुर पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी केशु बेन से विवाद हुआ था और देखते ही देखते मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया था। हमले में गंभीर रूप से घायल आदित्य को तत्काल मेडिकल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक और आरोपी दोनों ही शातिर बदमाश हैं। दोनों के खिताफ थाने में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
सख्ती से निपटेंगे चाकूबाजों से- उपाध्याय एसपी
जिले में होने वाली चाकूबाजी की घटनाओं पर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने जयलोक से चर्चा के दौरान बताया कि चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों से सख्ती से निपटा जा रहा है। चाकूबाजी को सामान्य वारदात मानकर अंजाम देने वाले अपराधियों को हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। अब ऐसे आदतन लोगों के पुराने रिकार्ड निकालकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर इनके विरूद्ध और सख्त कार्रवाही की जाएगी।

नर्मदा किनारे मिली जबड़े जैसी आकृति, पूजा करने पहुँचे ग्रामीण





