
एक पर ही निलंबन की कार्रवाही, गोसलपुर का मामला
जबलपुर (जय लोक)। जनता की रक्षा करने वाली पुलिस से अब जनता को ही खतरा महसूस होने लगा है। जिसका एक उदाहरण गोसलपुर में सामने आया। यहां बीच सडक़ पर सिगरेट का धुआँ उड़ाने वाले तीन पुलिसकर्मियों ने एक युवक के साथ बुरी तरह मारपीट की। मामले में खास बात यह है कि जब पीडि़त ने इसकी शिकायत गोसलपुर थाने में दर्ज करानी चाही तो वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद पीडि़त एसपी के पास पहुँच गया जहां एसपी के निर्देश पर पुलिस हरकत में आई और एक आरक्षक को निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक के साथ मारपीट करने वाला एक आरक्षक शहर में पदस्थ है जबकि दो कटनी में पदस्थ हैं।
पीडि़त खितौला निवासी एलएलबी छात्र तन्मय मिश्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि 5 नवंबर की रात करीब 8:40 बजे वह मोटरसाइकिल से जबलपुर से अपने घर लौट रहा था। बरनू तिराहे के आगे एक कार क्रमांक एमपी 21 जेडसी 1164 में सवार युवक कार का शीशा खोलकर सिगरेट की राख सडक़ पर फेंक रहे थे, जो सीधे उसके ऊपर आ गिरी। छात्र ने केवल इतना कहा कि इस तरह चलती गाड़ी से राख फेंकना गलत है। लेकिन समझाइश का जवाब देने के बजाय कार सवार तीनों युवकों ने गाड़ी किनारे रोक दी। शिकायत के मुताबिक छात्र के रुककर बात करने पर तीनों युवक गाली-गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो तीनों ने एक साथ उस पर हमला कर दिया। हाथ-मुक्कों से की गई मारपीट में छात्र की बाईं आंख के नीचे चोट आई। जान बचाने के लिए छात्र को मौके से भागना पड़ा। आरोप है कि हमलावर जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी भी दे गए और कार से कटनी की ओर रवाना हो गए।
थाने पहुंचा तो सामने आई पुलिस विभाग की पहचान
घटना के बाद छात्र और पीडि़त तन्मय मिश्रा ने अपने मित्र सुमित तिवारी और संदीप पाण्डेय को पूरी बात बताई। इसके बाद उनके साथ शिकायत लेकर थाने पहुंचा। यहां उसे जानकारी मिली कि घटना में शामिल बताए जा रहे तीनों युवक पुलिस विभाग में पदस्थ हैं।
इस मामले में जब गोसलपुर थाना प्रभारी से जानकारी लेनी चाही तो उनहोंने एएसपी अनु बेनिवाल से जानकारी लेने की बात कही। हालांकि एएएसपी अनु बेनिवाल को फोन लगाया गया लेकिन उन्होंने किसी कारणवश फोन रिसीव नहीं किया।
खाकी की आड़ में दबंगई
खाकी की आड़ में दबंगई दिखाने वाले इन तीनों पुलिसकर्मियों पर यह हरकत अब महंगी पड़ती दिख रही है। शहर में पदस्थ एक आरक्षक को तो निलंबित कर दिया गया है जबकि दो अन्य आरक्षकों पर भी निलंबन की कार्रवाही हो सकती है। इस मामले की जाँच एएसपी अन्नू बेनिवाल द्वारा की जा रही है।
समझौते का बनाया दबाव
पहले तो तीनों पुलिसकर्मियों ने युवक के साथ मारपीट की। फिर जब कार्रवाही शुरू हुई तो कार्रवाही के डर से पीडि़त पर समझौते का दबाव बनाया गया। हालांकि युवक दबाव से नहीं डरा और तीन पुलिसकर्मियों को सबक सिखाने के लिए एसपी के पास गुहार लगाई।

नर्मदा किनारे मिली जबड़े जैसी आकृति, पूजा करने पहुँचे ग्रामीण





