
पुलिस की समझाइश के बाद भी रानीताल चौक पर डीजे लगाने वालों पर हुई एफआईआर
जबलपुर (जयलोक)। संस्कारधानी में एक दौर यह भी था जब मनमानी पर उतारू राजनीतिक शह के नशे में मद मस्त लोग जो कभी समाजसेवी बनकर तो कभी किसी राजनीतिक दल के पदाधिकारी बनकर इस बात का दम भरते थे की डी जे बजाने के लिए अनुमति की जरूरत नहीं …और इसी दम्भ में वो अनैतिकता को बढ़ावा देते हुए बिना अनुमति के डीजे संचालकों को यह कह देते थे कि तुम तो बजाओ हम देख लेंगे… लेकिन अब ये देखने दिखाने का क्रम बंद हो चला है। अब बिना अनुमति और तय आवाज के मानक व समय सीमा के जहां भी डीजे बजेंगे वहां पर कानून अपनी कार्रवाही करेगा। इस बात का एक बार पुन: प्रमाण समाने आ चुका है। विगत दिनों एक राजनैतिक दल के रैली कार्यक्रम के दौरान रानीताल चौक पर लगे भारी भरकर डीजे और अतिरिक्त बॉक्स को लेकर बेहद विरोध सामने आया था। सोशल मीडिया पर भी जनता ने वीडियो बना बनाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया था। जिसके बाद अब लार्डगंज पुलिस के द्वारा दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने दी थी समझाइश
जिस दिन रानीताल पर आमने सामने दो भारी भरकर डीजे लगाए गए थे उस दिन घंटों तेज आवाज और भारी बेस बजने के कारण वहां से गुजरने वाले हजारों लोग इसकी प्रताडऩा झेलने के लिए मजबूर हुए थे। मौके पर पुलिस ने दो बार पहुँचकर डीजे को तय मानक के अनुसार बजाने की समझाइश दी थी। लेकिन पुलिस की मौजूदगी में आवाज कम कर ली जाती थी। बाद में फिर कानूफोडू डीजे का आतंक चालू हो जाता था। पुलिस की समझाइश का असर ना होने के बाद ही पुलिस ने वायरल हुए वीडियो को साक्ष्य के रूप में एकत्रित किया और दो डीजे संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
डीजे का निर्माण और इसका उपयोग मुख्य रूप से खुले मैदान या बड़े स्टेडियम आदि क्षेत्रों में करने के लिए हुआ है। लेकिन आपसी प्रतिस्पर्धा और अपना रौब दर्शाने के लिए अब इसका उपयोग गली मोहल्ले की तंग बस्तियों मेंं होने से आम आदमी परेशान हो उठा है। नवदुर्गों में प्रशासन के द्वारा की गई सख्ती का विरोध डीजे संचालकों और कुछ समितियों ने किया। बड़ी संख्या में ऐसी दुर्गा समितियाँ भी सामने आईं जिन्होंने प्रशासन के इस निर्णय को ना केवल माना बल्कि इसकी सराहना करते हुए वैकल्पिक वाद्य यंत्रों और छोटे बक्सों का प्रयोग कर देवी गीत बजाएं। जो समझदार वर्ग का व्यक्ति है और जिसने अपनी गली मोहल्ले में डीजे की प्रताडऩा को झेला है वह तत्काल खुलकर प्रशासन के साथ खड़ा हो गया। साथ ही ऐसी कार्रवाहियों को समर्थन किया।
कुछ लोगों ने इस कार्रवाही को धार्मिक कार्यों में अड़चन और विघ्र बताने की कोशिश की लेकिन विगत दिवस सत्ताधारी दल से संबंधित युवाओं की रैली के दौरान लगाए गए दो भारी भरकम डीजे की संचालकों के पास कोई अनुमति ना होना और तय मानक नियमों के विरूद्ध बजाए जाने पर एफआईआर दर्ज हो जाने से अब यह देखने दिखाने की प्रथा खत्म होती नजर आ रही है। पुलिस ने डीजे संचालक हनी पटेल और नीतिन रोहितास के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।





