
भोपाल (जयलोक)। मध्यप्रदेश भाजपा ने संगठन में लंबे समय से खाली चल रहे पदों को भरने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी ने वित्त समिति और अनुशासन समिति का गठन करने के साथ प्रदेश सह कोषाध्यक्ष की नियुक्ति भी की है। इसके अलावा युवा मोर्चा में कई जिलों के अध्यक्ष और पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई है। नई नियुक्तियों में कैबिनेट मंत्री, विधायक, सांसद और संगठन से जुड़े पुराने नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी में ये नियुक्तियां राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की संगठनात्मक बैठकों के बाद की गई हैं। बताया जा रहा है कि बैठकों में संगठन के रिक्त पदों को जल्द भरने और विभिन्न विभागों की गतिविधियों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद प्रदेश भाजपा ने नई नियुक्तियों की सूची जारी की है।þचैतन्य कश्यप वित्त समिति के संयोजक
भाजपा की वित्त समिति में कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप को संयोजक बनाया गया है। प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन और विधायक मधु वर्मा को समिति में सदस्य की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, इंदौर के दीपक टीनू जैन को प्रदेश सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
बाबू सिंह रघुवंशी को अनुशासन समिति की जिम्मेदारी
पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों और अनुशासन से जुड़े मामलों के लिए छह सदस्यीय समिति बनाई है। पूर्व प्रदेश मंत्री बाबू सिंह रघुवंशी को इसका संयोजक बनाया गया है। भिंड सांसद संध्या राय और बैरसिया विधायक विष्णु खत्री समिति में सदस्य होंगे। इनके अलावा पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़, तीर्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया और पूर्व जिला अध्यक्ष अभय चौधरी को भी सदस्य बनाया गया है।
युवा मोर्चा में इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने युवा मोर्चा के संगठन को भी नई नियुक्तियों के जरिए मजबूत करने की कोशिश की है। अभिजीत बजाज को आगर, अभिषेक रघुवंशी को नरसिंहपुर, लालबाबू वैश्य को सिंगरौली, रोशन को अलीराजपुर और अजय ठाकुर को राजगढ़ का जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, प्रदीप लोधी को नरसिंहपुर युवा मोर्चा का महामंत्री नियुक्त किया गया है।
भोपाल नहीं अब जबलपुर में होगा कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च





