
जबलपुर (जय लोक)। शहर के माढोताल एंव विजय नगर के अंतर्गत चोरी करने वाले एक गिरोह को माढोताल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन चोरों ने चोरी किए गए जेवरों को प्राइवेट गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों के पास गिरवी रख वहां से लोन उठा लिया था। यह शातिर चोर दिन के समय में खाली मकान की रैकी करते थे और रात में चोरी किया करते थे। थाना माढोताल की टीम द्वारा माढोताल एवं विजय नगर अंतर्गत विगत 6 माह में हुई 10 नकबजनियो का खुलासा करते हुये 3 शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर चुराये हुये सोने के आभूषण लगभग 360 ग्राम के एवं चांदी के आभूषण लगभग 2 किलो 500 ग्राम वजनी कुल कीमती लगभग 30 लाख रूपये के जप्त किये गये है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संदेहियों को पकड़ा और उनसे पूछ्ताछ कि तो पूछताछ पर अपने नाम क्रमश: 01. राहुल पटैल उर्फ डालडा, विनोद केवट, आकाश केवट बताये। तीनों ने पूछताछ के दौरान थाना माढोताल अंतर्गत शंकर नगर, नई पानी की टंकी के पास करमेता, कान्हा परिसर कठौंदा, रेवा नगर आकांक्षा स्कूल के पीछे, बाबा बर्फानी कालोनी, कसौंधन नगर, बजरंग नगर, सत्यम होम्स कठौंदा, शारदा नगर गली नं. 07, गली नं. 06 लमती तथा विजय नगर में एक सूने मकान का ताला तोडकर चोरी करना स्वीकार किये उपरोक्त घटना स्थलों की तस्दीक करने पर दोनों थानों में अपराध पंजीबध्द होना पाये गये।
पूछताछ पर पर सभी ने बताया कि चोरी किये गये सोने चांदी के आभूषणों को अपने घरो तथा घर के आसपास जमीन में दबाकर रखे है, साथ ही कुछ आभूषणो को गोल्ड लोन प्रदाय करने वाली प्राइवेट कम्पनी में गिरवी रखकर लोन ले लिया है। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी राहुल पटेल उर्फ डालडा शातिर नकबजन है राहुल पटेल एवं इसके दोनों साथी दिन में कालोनियों में घूमकर सूने घरों को चिन्हित कर रात्रि में चोरी की घटना कारित करते थे।

Author: Jai Lok







