
जबलपुर (जयलोक)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शुक्रवार शाम को नगर आगमन हुआ जहाँ वे मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निवास पर पहुँचकर उनसे भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनकी कुशलक्षेम जानी और शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की। इस दौरान सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे एवं नीरज सिंह, भाजपा के जिला ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष तिवारी रानू एवं नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, अभय सिंह, पंकज दुबे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा पटेल, सोनू बचवानी भी मौजूद थे। ज्ञात हो कि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के दायें पैर में पिछले दिनों ग्वारीघाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान फ्रेक्चर आ गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव लोक निर्माण मंत्री के निवास पर लगभग 20 मिनट रुके और डुमना विमानतल के लिये रवाना हुये। मुख्यमंत्री ने डुमना विमानतल से रात लगभग 8.45 बजे वायुयान द्वारा भोपाल प्रस्थान किया। इसके पहले मुख्यमंत्री का डिंडौरी और अनूपपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद अनूपपुर से शाम लगभग 6.50 बजे हेलीकाप्टर द्वारा डुमना विमानतल आगमन हुआ।

अखिलेश जैन के नवनिर्मित आवास का किया उद्घाटन –

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के स्वास्थ्य के हालचाल जानने उनके निवास जाने के पहले पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष सीए अखिलेश जैन के राइट टाउन स्थित नव निर्मित आवास पहुँचकर उसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर अखिलेश जैन के परिवारजन एवं पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने अखिलेश जैन को गृह प्रवेश पर बधाई दी।

Author: Jai Lok







