
जबलपुर (जयलोक)
सिहोरा के वार्ड नंबर 4 सैयद बाबा टोरिया में कल रात एक विधवा महिला की उसके ही घर में हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हत्यारे घर का दरवाजा बाहर से बंद करके भाग गए। आज सुबह जब काफी देर तक बाहर से घर का दरवाजा पड़ोसी ने बंद देखा तो महिला को फोन लगाया, घर से फोन की घंटी की आवाज तो आ रही थी लेकिन महिला द्वारा ना तो फोन रिसीव नहीं किया गया, जिसके बाद पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खोला, अंदर जाकर देखा तो महिला का शव पड़ा था जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
बाबा टोरिया में रहने वाली महिला चंदा श्रीवास्तव उम्र 54 वर्ष की उसके घर पर हत्या कर दी गई। वारदात कल देर रात की बताई जा रही है। बताया जा रहा है की मृतका के पति की मौत काफी समय पहले हो गई थी, उसकी एक बेटी है जो बाहर रहती है महिला घर पर अकेली रहती थी। इसी बीच हत्यारे ने महिला को घर में अकेली पाकर उसकी हत्या कर दी। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हुआ है कि महिला की हत्या किस हथियार से की गई है।
शरीर पर मिले चोट के निशान
जांच में पुलिस ने पाया कि महिला के साथ मारपीट की गई है। महिला के शरीर में चोट के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुँची पुलिस ने महिला का मोबाइल जप्त करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है महिला की मौत कैसे हुई इसका खुलासा पीएम के बाद ही हो सकेगा।
मृतिका के घर का दरवाजा बाहर से बंद था। पड़ोसी और रिश्तेदारों के आवाज लगाने और उसको फोन लगाने पर अंदर से कोई उत्तर नहीं मिला तब जाकर लोगों ने दरवाजा खोला तो मृतिका के सिर में चोट के निशान थे, और फर्श पर खून फैला था।
करीबी हो सकता है हत्यारा
इधर पुलिस का कहना है कि महिला की जिस तरह से हत्या की गई है उससे साफ लग रहा है कि महिला हत्यारे को अच्छी तरह से जानती थी। हत्यारा जब घर पहुँचा तो महिला ने उसके लिए दरवाजा खोला, इस दौरान किसी तरह का शोर शराबा नहीं सुना गया। यहां तक कि महिला की चीखें भी किसी ने नहीं सुनी।
रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ
पुलिस ने अब महिला के रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्यारा महिला के जान पहचान वाला ही हो सकता है।

Author: Jai Lok







